
भास्कर ठाकुर/सीतामढ़ी. लजीज खान-पान में बिहार का हर जिला अपने आप में विशेष स्थान रखता है. सीतामढ़ी में भी अलग-अलग स्वाद के कई व्यंजन मिल जाएंगे. न्यूज़ 18 लोकल आज आपको यहां की एक मशहूर मिठाई से रूबरू करवाने जा रहा है. इसकी डिमांड बिहार सहित देश के अन्य हिस्सों में भी है. हम बात कर रहे हैं बेहद खास बालूशाही की. यहां की बालूशाही का स्वाद बेहद लजीज है. इस खास मठाई को खाने के लिए सीतामढ़ी जिला मुख्यालय से दूर परिहार प्रखंड स्थित परिहार चौक स्थित भुतही वाले की दुर्गा मिष्ठान भंडार आना होगा.
सीतामढ़ी जिला सहित आस-पास के जिलों के लोग भी यह बालूशाही खाने और खरीदने के लिए यहां पहुंचते हैं. जो भी इस रास्ते से गुजरता है, वो बालूशाही खाए बगैर आगे नहीं बढ़ता. दुर्गा मिष्ठान भंडार में मिलने वाले बालूशाही की डिमांड दूर-दूर तक है. दुर्गा मिष्ठान भंडार के बालूशाही का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मुरीद हैं.
छेना और खोवा से तैयार करते हैं बालूशाही मिठाई
दुर्गा मिष्ठान भंडार के मालिक संजय कुमार ने बताया कि यहां की बालूशाही इतनी लजीज है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इसे खा चुके हैं और इसके दीवाने बन चुके हैं. उन्होंने बताया कि वैसे तो कोई दुकानदार अपनी खास मिठाई का राज नहीं बताता. इसको बनाने में कोई विशेष राज नहीं डिपा हुआ है. बालूशाही को बनाना बेहद आसान है. इसे घर पर भी बना सकते हैं. बालूशाही को शुद्ध छेना और शुद्ध खोवा से तैयार किया जाता है. इसमें किसी तरह का मिलावट नहीं रहता है. यही कारण है कि हमारे यहां की मिठाई इतनी स्वादिष्ट होती है. हमारी दुकान शुद्धता के लिए जानी जाती है. यहां का बालूशाही पूरे बिहार सहित देश के अलग-अलग हिस्सों में पैक कर भेजा जाता है.
रोजना एक क्विंटल बालूशाही मिठाई की बिक्री
दुर्गा मिष्ठान भंडार के मालिक ने बताया सीतामढ़ी सहित आस-पास के जिलों के अलावा दिल्ली, मुंबई और गुवाहाटी तक बालूशाही भेजा जाता है. इन शहरों से लोग ऑर्डर करते हैं जिसके बाद उनको बालूशाही तैयार कर भेजा जाता है. यहां की बालूशाही की कीमत ज्यादा नहीं है. इसे 160 रुपये प्रति किलो बेचा जाता है. वहीं, अगर कोई पीस के हिसाब से लेना हो तो दो तरह की बालूशाही मिठाई उपलब्ध है. बड़े साइज का बालूशाही 10 रुपए और छोटे साइज की कीमत आठ रुपये प्रति पीस है. हमारे यहां से रोजाना एक क्विंटल से अधिक बालूशाही मिठाई की बिक्री होती है.
.
Tags: Bihar News in hindi, CM Nitish Kumar, Food 18, Local18
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 13:43 IST






