
भोपाल. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 27 जून को भोपाल में वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे. इसके ठीक एक दिन बाद 28 जून से भोपाल-इंदौर और रानी कमलापति-जबलपुर के बीच वंदे भारत ट्रेनें नियमित संचालित होने लगेंगी. इन गाड़ियों के किराए में कैटरिंग सर्विस भी दी गई है. हालांकि, ये लोगों पर निर्भर करेगा कि वे कैटरिंग सर्विस लेना चाहते हैं या नहीं. लोगों ने दोनों ट्रेनों में एडवांस बुकिंग करा ली है. भारतीय रेलवे प्रबंधन नें दोनों ट्रेनों में 8-8 कोच लगाए हैं. इसमें 1-1 एक्जीक्यूटिव क्लास और 7-7 एसी चेयरकार कोच लगाए गए हैं.
पीएम मोदी के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट किया, ‘मध्य प्रदेश को दो नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात देने राजा भोज की पावन नगरी भोपाल पधार रहे भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन करता हूं. बता दें, भोपाल में प्रधानमंत्री द्वारा पांच-पांच वंदेभारत एक्सप्रेस को झंडी दिखाने के बाद देश में कुल वंदेभारत की संख्या 23 हो जाएगी. मौजूदा समय अलग-अलग शहरों से 18 वंदेभारत एक्सप्रेस का संचालन हो रहा है. जिसमें ज्यादातर में आक्यूपेंसी रेट 100 फीसदी या इससे अधिक का है.
भोपाल-इंदौर वंदे भारत का किराया: उज्जैन- एसी चेयरकार 745 रुपये, एग्जीक्यूटिव 1370 रुपये, इंदौर- एसी चेयरकार 910 रुपये, एग्जीक्यूटिव 1600 रुपये. यह ट्रेन भोपाल स्टेशन से ही चलेगी. इसमें 264 रुपये कैटरिगं सर्विस चार्ज जुड़ा हुआ है.
रानी कमलापति-जबलपुर का किराया: नर्मदापुरम- एसी चेयरकार 425 रुपये, एग्जीक्यूटिव 810 रुपये, इटारसी- एसी चेयरकार 650 रुपये, एग्जीक्यूटिव 1070 रुपये, पिपरिया- एसी चेयरकार 745 रुपये, एग्जीक्यूटिव 1265 रुपये, नरसिंहपुर एसी चेयरकार 910 रुपये, एग्जीक्यूटिव 1600 रुपये, जबलपुर एसी चेयरकार 1055 रुपये, एग्जीक्यूटिव 1880 रुपये. इसमें कैटरिंग सर्विस के 175 रुपये जोड़े गए हैं.
एक साथ दौड़ीं पांच वंदे भारत
27 जून से एक साथ पांच नई वंदेभारत देश के अलग अलग हिस्सों से दौड़ेंगी. इनमें से दो वंदेभारत भोपाल से चलेंगी, अन्य तीन दूसरों राज्यों से संचालित होंगी. इन पांच वंदेभातर ट्रेनों में झारखंड, बिहार और गोवा से पहली वंदेभारत ट्रेनों का संचालन शुरू होगा. रेलवे ने इन पांचों वंदेभारत ट्रेनों की खासियत बताई हैं.
- रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस झारखंड और बिहार के लिए पहली वंदे भारत ट्रेन होगी. पटना और रांची के बीच कनेक्टिविटी को बढ़ाने वाली यह ट्रेन पर्यटकों, छात्रों और व्यवसायियों के लिए वरदान साबित होगी.
- धारवाड़-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस कर्नाटक-धारवाड़ और हुबली में महत्वपूर्ण शहरों को राज्य की राजधानी बेंगलुरु से जोड़ेगी. इससे क्षेत्र के पर्यटकों, छात्रों, उद्योगपतियों आदि को ज्यादा लाभ होगा.
- गोवा (मडगांव)-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस गोवा की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। यह मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस और गोवा के मडगांव स्टेशन के बीच चलेगी और इससे गोवा और महाराष्ट्र दोनों के ही पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.
- भोपाल (रानी कमलापति)- इंदौर, वंदे भारत एक्सप्रेस मध्य प्रदेश के दो महत्वपूर्ण शहरों के बीच आसान और तेज गति की यात्रा की सुविधा प्रदान करेंगी. क्षेत्र में सांस्कृतिक, पर्यटन एवं धार्मिक स्थानों की कनेक्टिविटी में सुधार लाएगी.
- भोपाल (रानी कमलापति)-जबलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस महाकौशल क्षेत्र (जबलपुर) को मध्य प्रदेश के मध्य क्षेत्र (भोपाल) से जोड़ेगी. इसके अतिरिक्त, बेहतर कनेक्टिविटी से क्षेत्र के पर्यटन स्थलों को भी लाभ होगा.
.
Tags: Bhopal news, Indian Railways, Mp news, Vande Bharat Trains
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 09:17 IST






