Gopalganj News : नशे के लिए इस्तेमाल हो रहा हैं कोडिन युक्त कफ सिरप, उत्पाद विभाग ने जब्त किया 56 लाख का कफ सिरप

गोविंद कुमार/गोपालगंज. शराबबंदी वाले बिहार में नशे के इस्तेमाल के लिए कोडिनयुक्त कफ सिरप की तस्करी शुरू हो गई है. गोपालगंज में कुचायकोट थाना क्षेत्र के यूपी-बिहार के बलथरी चेकपोस्ट पर उत्पाद टीम ने एक ट्रक से 56 लाख की कफ सिरफ जब्त की है. प्रतिबंधित कफ सिरप लखनऊ से पटना ले जाया जा रहा था. कार्रवाई के दौरान उत्पाद टीम ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जिससे पूछताछ चल रही है. उत्पाद अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि जांच के लिए ड्रग विभाग की टीम को बुलाया गया है. वहीं गिरफ्तार चालक लखनऊ के काकेरी निवासी रामपाल यादव के पुत्र राकेश कुमार यादव से पूछताछ की जा रही है.

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि ट्रक में कफ सिरप को छिपाकर लाया जा रहा था, जो पुलिस की चेकपोस्ट को पार कर गयी थी. उत्पाद विभाग के चेकपोस्ट के पास ट्रक पहुंचते ही हैंड स्कैनर मशीन से जांच की गई. जांच के दौरान बोतल की सेप दिखी, जिसके बार ट्रक पर लोड सामान को खोलकर देखा गया तो कोडिन युक्त प्रतिबंधित कफ सिरप मिला. तत्काल ट्रक को जब्त कर लिया गया और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया.

नशे के लिए इस्तेमाल होता है कफ सिरप
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि कोडिन युक्त कफ सिरप बिहार में प्रतिबंधित है. कफ सिरप की बिक्री और उत्पाद दोनों पर रोक है. ऐसे में इतनी मात्रा में लखनऊ से पटना कफ सिरप की खेप लेकर जाना चिंता का विषय है. कोडिन युक्त कफ सिरप का इस्तेमाल नशे के लिए भी किया जाता है, इसलिए उत्पाद टीम ऐसे कफ सिरप की तस्करी को लेकर अलर्ट है और सख्ती से जांच कर कार्रवाई कर रही है.

पहले भी बरामद हो चुका है कफ सिरप
यूपी-बिहार के बलथरी चेकपोस्ट पर कफ सिरप की बरामदगी का पहला मामला नहीं है. अमूमन हर महीने यहां पर कोडिन युक्त कफ सिरप ट्रक से पकड़ी जाती है, इसके बावजूद कफ सिरप की तस्करी में कमी नहीं आयी है. तस्कर तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर कफ सिरप की तस्करी कर रहे हैं और उत्पाद टीम भी उन तस्करों के मंसूबों को लगातार नाकाम कर कार्रवाई कर रही है.

Tags: Bihar News, Crime News, Gopalganj news, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More