
वॉशिंगटन: अमेरिका में इन दिनों स्वास्थ्य एजेंसी में हड़कंप मचा हुआ है. वजह है पिछले दो महीनों में 5 मलेरिया के मामलों का सामने आना. अमेरिका की शीर्ष स्वास्थ्य एजेंसी ने स्थानीय स्तर पर सामने आए मलेरिया के मामलों के उभरने को लेकर सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारियों को चेतावनी जारी की है. अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों की मानें तो अमेरिका में पिछले दो दशकों में स्थानीय स्तर पर मलेरिया के फैलने का यह पहला मामला है. टेक्सास और फ्लोरिडा में स्थानीय स्तर पर सामने आए मलेरिया के मामलों को लेकर हालिया रिपोर्ट पर अमेरिकी स्वास्थ्य अधिकारियों ने चिंता जाहिर की है.
देश के अंदर मलेरिया परजीवी के होने का संदेह
सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) के मुताबिक फ्लोरिडा के पाम बीच काउंटी में 2003 के बाद से ऐसे हालात नहीं देखे गए हैं. यह बेहद चिंताजनक है क्योंकि इससे यह संकेत मिल रहा है कि अमेरिका के भीतर ही मच्छर मलेरिया परजीवी फैला रहे हैं. इससे पहले देश में मलेरिया के मामले आमतौर पर उन व्यक्तियों से जुड़े होते थे जो ऐसे देशों की यात्रा करके आते थे, जहां पर मलेरिया का प्रकोप अभी भी मौजूद है. कोविड-19 महामारी से पहले अमेरिका में हर साल करीब 2000 मलेरिया के मामले सामने आते थे जो मुख्यरूप से यात्रा से जुड़े होते थे.
ये भी पढ़ें- नोबेल पुरस्कार विजेता और लिथियम-ऑयन बैटरी के आविष्कारक जॉन गुडइनफ का 100 वर्ष की आयु में निधन
अफ्रीका में सबसे ज्यादा मलेरिया
वैश्विक स्तर पर हर साल मलेरिया से जुड़े लाखों मामले सामने आते हैं, जिनमें से 95 फीसद अफ्रीका से होते हैं. हालांकि जलवायु संकट और बढ़ते तापमान के चलते विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि आने वाले वक्त में अमेरिका में मलेरिया आम हो सकता है.
फ्लोरिडा में रखी जा रही है निगरानी
अब फ्लोरिडा में सार्वजनिक स्वास्थ्य अधिकारी प्रभावित इलाकों की निगरानी कर रहे हैं. इसके साथ ही अतिरिक्त मामलों के स्रोत की पहचान करने में भी जुटे हुए हैं. इसके साथ ही मच्छरों की आबादी को भी नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं. वहीं अमेरिकी अधिकारी भी टेक्सास राज्य के हालात पर निगरानी बनाए हुए हैं और स्थानीय स्तर पर मच्छरों की आबादी पर भी ध्यान दे रहे हैं. हालिया मामलों को देखते हुए सीडीसी ने आश्वस्त किया है कि अमेरिका में मलेरिया होने का जोखिम बेहद कम है. हालांकि गर्मी है और यात्राओं का मौसम है ऐसे में बाहर से आने वाले ज्यादा मामले सामने आ सकते हैं.
(एजेंसी के इनपुट के साथ)
.
Tags: America News, Health News, Malaria, United States of America
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 12:29 IST






