
पप्पू पांडेय/अमेठी. उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के बासूपुर सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य में लापरवाही बरतना व कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों का उल्लंघन करना ठेकेदार को भारी पड़ गया. कार्य अधूरा छोड़ने व लगातार विभागीय निर्देश के बावजूद जिम्मेदार ठेकेदार की तरफ से कोई जवाब नहीं दिया जा रहा था. आधी-अधूरी सड़क से लोगों को आवागमन में दिक्कत की जानकारी जिलाधिकारी (डीएम) राकेश कुमार मिश्र को हुई तो उनके निर्देश पर पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन शैलेन्द्र कुमार ने गौरीगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. केस दर्ज करने के बाद गौरीगंज कोतवाली पुलिस मामले की जांच व कार्रवाई में जुट गई है.
दरअसल, वित्तीय वर्ष 2021-22 में सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण योजना में गौरीगंज मुसाफिरखाना मार्ग से बासूपुर मार्ग चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण को मंजूरी मिली. मंजूरी के बाद लोक निर्माण विभाग की ओर से मार्ग कार्य का बॉन्ड ठेकेदार मेसर्स लकी ट्रेडर्स विवेकनगर सुलतानपुर से एक एक नवंबर 2022 को हुआ. बॉन्ड की धनराशि8,51,13,966 रुपये एवं कार्य पूर्ण करने की तिथि 31 जुलाई 2023 निर्धारित की गई. बॉन्ड के बाद ठेकेदार ने बॉन्ड के विरुद्ध कार्य प्रारंभ किया. मार्ग पर तटबंध में मिट्टी भराई का आंशिक कार्य व जीएसबी द्वारा चौड़ीकरण का कार्य करने के पश्चात लगभग 2 माह 15 दिन से मशीनरी व लेबर हटाकर ठेकेदार साइट छोड़कर गायब हो गया. कार्य बंद होने के बाद विभागीयअभियंताओं ने ठेकेदार को समय से कार्य पूर्ण करने हेतु कई बार पत्राचार व निर्देश जारी किया, लेकिन ठेकेदार ने तो साइट पर आया और न ही कार्य प्रारंभ किया. ऐसे में जहां लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है. वहीं अनुबंधित अवधि कार्य पूरा नहीं होने से सगुम आवागमन की योजना फ्लाप साबित हो रही है.
डीएम के संज्ञान में आने पर केस दर्ज
वहीं लोगों को आवागमन में हो रही परेशानी व कार्य बंद होने की जानकारी अमेठी जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र को मिली तो एक्सईएन को मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया. डीएम के निर्देश पर एक्सईएन शैलेंद्र कुमार ने सड़क चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण योजना में अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन करने पर ठेकेदार के खिलाफ गौरीगंज कोतवाली में गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कराया. इस पूरे मामले पर गौरीगंज कोतवाली एसएचओ अंखड देव मिश्र ने पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन शैलेंद्र कुमार की तहरीर पर ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की बात कही साथ मे कहा कि एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच व कार्रवाई में जुटी है.
.
Tags: Amethi news, Crime news of up, District Magistrate, FIR, Local18
FIRST PUBLISHED : June 27, 2023, 08:20 IST






