कमिश्नर के लापता डॉग को गली-गली ढूंढ़ती रही मेरठ पुलिस, CCTV भी खंगाले, जानें फिर क्या हुआ


निखिल अग्रवाल/मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ में सीनियर महिला आईएएस सेल्वा कुमारी का विदेशी नस्ल का डॉगी गायब होने से हड़कंप मच गया. पुलिसकर्मियों से लेकर सफाईकर्मियों की टीम कमिश्नर के डॉग ढूंढ़ने में जुट गई. इतना ही नहीं चौराहों पर लगे सीसीटीवी का फुटेज भी निकाला गया, जिसमें बाहर घूमते कुत्ते की तस्वीर भी कैद हुई थी. बड़े पैमाने सिविल लाइन और मवाना रोड के घरों में पूछताछ भी की गई. जब डॉगी मिल गया तो पुलिसकर्मियों की जान में जान आई.

यह मामला मेरठ के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के कमिश्नर आवास का है. मेरठ की कमिश्नर सेल्वा कुमारी एनिमल लवर हैं. उनकी बेटी भी पेट्स को बहुत पसंद करती है. घर पर साइबेरियन हस्की ब्रीड का डॉग था. इको नाम का यह डॉगी लगभग 3 साल से उनके साथ रह रहा है. सफेद-काले रंग के इस डॉग से कमिश्नर और उनकी फैमिली को बहुत लगाव है. लेकिन वह अचानक गुम हो गया. काफी खोजने पर भी नहीं मिला.

आखिर कैसे गायब हुआ डॉग इको

कमिश्नर आवास में खोजने के बाद भी जब डॉग नहीं मिला तो मोहल्ले और आसपास की जगहों पर सर्चिंग ऑपरेशन शुरू किया गया. पुलिस और सफाईकर्मी घर-घर जाकर डॉग की फोटो दिखाकर उसके बारे में पूछताछ करते रहे. माना जा रहा है कि कमिश्नर हाउस का मेन गेट खुला रह गया होगा. इस बीच कोई गाड़ी अंदर आई होगी. तभी मौका पाकर डॉग गेट से बाहर रोड पर निकल गया. रोड से कहीं चला गया या किसी ने उसे चुरा लिया है.

क्या है खासियत?

बताते चलें कि साइबेरियन हस्की एक महंगी डॉग ब्रीड है. इसकी कीमत भी अन्य नस्लों की तुलना में अधिक होती है. साथ ही साथ इसके रख रखाव और देखभाल का खर्च बाकी डॉग्स की तुलना में थोड़ा अधिक होता है.

आखिर कैसे मिला डॉग

पुलिस और नगर निगम की टीम ने डॉग के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया. हालांकि इस मामले में कमिश्नर सेल्वा कुमारी ने कोई शिकायत नहीं की. लेकिन पुलिस टीम डॉग ढूंढ़ती रही. तभी किसी व्यक्ति ने आकर उनका कुत्ता वापस कर दिया. बताया जा रहा है कि उनका डॉगी गेट खुलने पर बाहर चला गया था. जिसे गुमशुदा मानकर कोई व्यक्ति अपने साथ ले गया था. जैसे ही कमिश्नर के कुत्ते की चोरी की खबर फैली तो उसने कुत्ता वापस कर दिया. डॉग वापस मिलने पर कमिश्नर उनकी फैमिली के चेहरे पर मुस्कान लौट आई.

Tags: Local18, Meerut news, Meerut police

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More