हिमाचल में मॉनसून का कहरः दो नेशनल हाईवे खुले, 24 घंटे में 3 मौतें,  2 लापता, आज ऑरेंज अलर्ट


शिमला. हिमाचल प्रदेश में मॉनसून का कहर जारी है. बीते 4 दिन से प्रदेश में लगातार रुक-रुककर झमाझम पानी बरस रहा है. हालांकि, सोमवार को ज्यादा बारिश ना होने से लोगों ने राहत की सांस ली. बीते 24 घंटे में हिमाचल में 3 लोगों की मौत हुई है, जबकि दो लोग लापता हैं. लापता लोगों में महिला और 19 साल का युवक शामिल है. फिलहाल, बीते 4 दिन में हिमाचल में मॉनसून की वजह से 9 लोगों की मौत हो चुकी है.

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को 24 घंटे में 11 सेटीमीटर बारिश दर्ज की गई है. इसके अलावा, मंडी के कटौला में 7 सेटीमीटर और शिमला, कुल्लू सहित कई इलाकों में मूसलाधार पानी बरसा है. मौसम विभाग ने हिमाचल में मंगलवार यानी आज के लिए 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और साथ ही हिमाचल के टूरिज्म विभाग ने सैलानियों के ट्रैवल एडवायजरी जारी की है. डीसी कुल्लू के अनुसार, सोमवार रात को मंडी कटौला मार्ग पर फिर लैंडस्लाइड हुआ है और रोड बंद हो गया है. इसके खोलने के प्रयास जारी हैं.

कांगडा जिले के शाहपुर के छतड़ी में बोरवेल वाला वाहन पलट गया और इसमें एक शख्स की मौत हो गई. चंबा के भरमौर में खडापत्थर में रावी नदी में गिरे वाहन सवार का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है. उसकी तलाश जारी है. मंडी में पंडोह डेम में एक बुजुर्ग की लाश मिली है. यह बुजुर्ग घर से बाजार के लिए निकला था. इसी तरह पंजाब के एक पूर्व एसपी की मंडी के गोहर में खाई में गिरने से मौत हो गई. शिमला के रोहडू की पब्बर नदी में 19 साल का युवक डूब गया है. यह हाटकोटी मंदिर में पूजा करने के बाद नदी में दूसरे लोगों के साथ नहाने उतरा था. मंडी के पराशर के पास बागी पुल में सैलाब में एक महिला बही है, जिसकी तलाश जारी है. रविवार देर शाम महिला गौशाला गई थी और वापस नहीं लौटी.

शौच करने उतरा बुजुर्ग पर्यटक, पैर फिसला और हो गई मौत

मंडी के गोहर उपमंडल के जासन में एक बजुर्ग पर्यटक की डंगे से गिरने से दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान 63 वर्षीय राजेश कुमार पुत्र खुशी राम गाँव छराटा अमृतसर के रूप में हुई है. वह एसपी के पद से रिटायर हुए थे. राजेश कुमार शौच करने के लिए कार से बाहर निकले थे. एएसपी मंडी सागर चंद्र ने मामले की पुष्टि की है.

20 घंटे बाद खुला मनाली चंडीगढ़ नेशनल हाईवे

3 जगह पर भूस्खलन की वजह से बंद चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे सोमवार को शाम पांच बजे के करीब खोला गया. 20 घंटे की कडी मशक्कत के बाद यह हाईवे खोला जा सका. हाईवे तीन जगह से बंद था. बड़ी बड़ी चट्टाने हाईवे पर गिरी थी, जिन्हें हटाने में करीब 12 घंटे पुलिस प्रशासन और हाईवे निर्माण कंपनी को लगे. भारी बारिश के चलते हिमाचल प्रदेश के पीडब्ल्यूडी विभाग को तीन दिन में 27 करोड़ रुपये की चपत लगी है. वहीं, ठियोग में बेली ब्रिज बनने से अब शिमला नारकंडा हाईवे छह दिन बाद खुल गया है.

सैलानियों के लिए एडवायजरी

हिमाचल में टूरिज्म विभाग ने भारी बारिश के मद्देनजर सैलानियों के लिए एडवायजरी जारी की है. सैलानियों को सलाह दी गई है कि वह गाइड के साथ ही ट्रैकिंग पर निकले. नदी नाले से दूर रहे हैं. हालांकि, उन्हें इस दौरान बारिश और बाढ़ की स्थिति में यात्रा से परहेज करने की सलाह दी गई है.

Tags: Himachal Police, Himachal pradesh, Monsoon news, Shimla News Today, Weather Alert

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More