Opposition Unity: पटना के विपक्षी गुट को लेकर यह क्या कह दिया उद्धव ठाकरे के सामना ने… ‘भारत का वैगनर समूह’ बताया, क्या यह तारीफ थी?


रिपोर्ट- विनया देशपांडे

मुंबई: शिवसेना-यूबीटी नेता उद्धव ठाकरे ने पार्टी के मुखपत्र सामना में 23 जून को पटना बैठक में शामिल हुए विपक्षी गुट की बड़ी ही अजीबोगरीब तुलना कर डाली. उन्होंने अपने मुखपत्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार को गिराने का दावा करते हुए विपक्षी गुट को ‘भारत का वैगनर समूह’ कह डाला.
अखबार के संपादकीय में कहा गया कि, पटना में मोदी की सत्ता को चुनौती देने के लिए ‘वैगनर ग्रुप’ एक साथ आया है. यह कोई भाड़े का समूह नहीं है, यह बहुत अहम है, (रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर) पुतिन की तरह मोदी भी जाएंगे, बस फर्क यह है कि यहां तरीका लोकतांत्रिक होगा. ‘वैगनर ग्रुप’ ने पटना में इस बात का संकेत दे दिया है.

तुलना ना पड़ जाए भारी
यह तुलना कहीं उलटे विपक्षी दलों पर ही भारी ना पड़ जाए. क्योंकि वैगनर समूह मुख्य रूप से येवगेनी प्रिगोझिन के नेतृत्व में बनाई गई भाड़े के सैनिकों की एक निजी सेना है. गौरतलब है कि प्रिगोझिन ने अपने सैनिकों को शनिवार को मास्को पर मार्च करने का आदेश दे दिया था, जिसके बाद रूस सहित दुनियाभर में हलचल मच गई थी. बाद में प्रिगोझिन ने निर्वासन में जाने के लिए क्रेमलिन के साथ एक समझौता किया.
वहीं शुक्रवार को पटना में 17 प्रमुख राजनीतिक दलों की एक लंबी बैठक हुई. इसमें पांच मौजूदा मुख्यमंत्री और कई पूर्व मुख्यमंत्री मौजूद थे. इस बैठक में 2024 के आम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को एक के मुकाबले एक के फॉर्मूले से हराने का फैसला लिया गया. संपादकीय में कहा गया, ”लोकतंत्र के नजरिए से यह अच्छी खबर है.”

अमित शाह ने किया तंज तो सामना में आया यह जवाब
गृहमंत्री अमित शाह ने बैठक को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, जैसा सोचा था वैसा ही हुआ. विपक्ष फोटो खिंचवाने के लिए एक हुआ है, और चाहे कितनी भी दल एक साथ आ जाएं, भाजपा 300 से ज्यादा सीट जीतेगी यह तो तय है. अमित शाह के इस बयान पर संपादकीय में पूछा गया कि, देश में फोटो खिंचवाने का शौक किसे सबसे ज्यादा है? संपादकीय में यह भी कहा गया कि भाजपा का समर्थन करने वाले समूह, पहले हमला करेंगे.

यह भी कहा गया है कि, मोदी-शाह ने जीत का ढोल पीटने के लिए बड़ी संख्या में भाड़े के सैनिकों को तैयार किया हुआ है, ताकि मतदाताओं पर दबाव बनाया जा सके. लेकिन यही सैनिक उन पर पहले हमला करेंगे. फिलहाल रूस में ऐसा उदाहरण देखने को मिल रहा है, ठीक पुतिन की तरह ही मोदी-शाह भी तानाशाही, अधिनायकवाद लाने में लगे हुए हैं. लेकिन यहां इसके लिए पूरी राष्ट्रीय व्यवस्थाओं पर कब्जा करना होगा. इन्होंनें अपने इर्द गिर्द भाड़े के लोगों को खड़ा किया है, यह वही किराए के लोग हैं जिन्होंने देश की संपत्ति को बेच डाला है.

पटना में बैठक हुई, भाजपा की जीत की 100 सीटें घट गईं
आज पुतिन के देश में क्या हो रहा है? पुतिन ने अपनी सहूलियत के लिए जिस वैगनर ग्रुप को तैयार किया था, वही अब उनके खिलाफ खड़ा हो गया है. पुतिन की निजी सेना उनकी तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकने और रूस में तख्ता पलट करने के लिए सड़कों पर उतर आई, यह सेना मास्को पर कब्जा करने के लिए आगे बढ़ रही थी.

संपादकीय में आगे दावा किया गया की पटना में विपक्ष के नेताओं के एक साथ आने के साथ ही भाजपा के 2024 में लोकसभा चुनाव के लिए अपने लक्ष्य में 100 सीटों की गिरावट दर्ज की है. दरअसल भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इससे पहले कहा था कि इस बार चुनाव में भाजपा 400 से ज्यादा सीटों पर जीत हासिल करेगी, जिसे गिराकर अमित शाह ने सीटों की संख्या 300 कहना शुरू कर दिया है.

Tags: Opposition unity, Saamana, Shiv sena, Uddhav thackeray, Wagner Group

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More