पहाड़ पर घूमने जाने वाले सावधान! उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन की चेतावनी, IMD ने जारी किया अलर्ट

 हिना आज़मी/देहरादून. देवभूमि उत्तराखंड में मानसून दस्तक दे चुका है. वहीं मौसम विभाग ने राज्य में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. पर्वतीय जिलों के साथ मैदानी इलाकों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. मिली जानकारी के मुताबिक, 26 जून को उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. इसके अलावा मौसम विभाग ने कई जगह भूस्खलन की संभावना भी जताई है.

27 और 28 जून को उत्तरकाशी, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है, तो वहीं 29 जून को प्रदेश भर में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. उत्तराखंड में कई जगह भारी बारिश के चलते किसानों को नुकसान हो रहा है. लीची और आम की फसलों पर भी इसका बुरा असर पड़ा है, तो वहीं उत्तराखंड के मौसम के तल्ख तेवर कई तरह से लोगों की परेशानियों का सबब बन रहे हैं.

400 बकरियों की मौत
उत्तरकाशी के बाद बागेश्वर जिले के कपकोट में आकाशीय बिजली गिरने से करीब 400 बकरियों की मौत हो गई. वहीं खराब मौसम के चलते हवाई यात्रा पर भी बुरा असर पड़ रहा है. समय पर विमानों की लैंडिंग नहीं हो पा रही है. रेलयात्रियों को भी मौसम की दुश्वारियां परेशान कर रही हैं.

देहरादून में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी देहरादून में गरज-चमक के साथ भारी वर्षा हो सकती है, जिससे आमजन को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ सकता है. हालांकि देहरादून नगर निगम द्वारा नालियों के साफ करने की बात की जा रही है. लेकिन बारिश के कारण देहरादून के कई मोहल्लों और वार्डों की गलियां पानी और कीचड़ से लबालब भरी हुईं हैं, जिससे पैदल चलने वालों से लेकर दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी हो रही है. देहरादून के तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है.

रहें सावधान!
देहरादून मौसम केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने जानकारी देते हुए कहा कि अगले कुछ दिनों तक राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के कई जिलों में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना है. इसी के साथ ही आकाशीय बिजली भी चमकने की चेतावनी दी गई है.

Tags: IMD alert, IMD forecast, Local18, Weather Alert

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More