Big News: बृजभूषण के खिलाफ धरना देने वाली महिला पहलवान ने सोशल मीडिया से अचानक लिया ब्रेक, उठे सवाल


नई दिल्ली. भारतीय कुश्ती महासंघ के निवर्तमान अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाकर मोर्चा खोलने वाली महिला पहलवान साक्षी मलिक ने बड़ा ऐलान किया है. स्टार रेसलर साक्षी मलिक ने अपने फैंस से दूरी बनाने का निर्णय लिया है. साक्षी मलिक ने कहा है कि वह सोशल मीडिया से ब्रेक ले रही हैं. उनके इस फैसले पर अलग-अलग प्रतिक्रया आ रही है. कुछ फैंस उनसे हिम्मत ना हारने की अपील कर रहे हैं. वहीं कुछ यूजर साक्षी मलिक पर ही काम निकल जाने का आरोप लगा रहे हैं. साक्षी मलिक ओलंपिक में मेडल जीतने वाली भारत की पहली महिला पहलवान हैं.

साक्षी मलिक भारत की उन पहलवानों में शामिल हैं, जिन्होंने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए डेढ़ महीने से ज्यादा समय तक दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया. साक्षी उन पहलवानों में भी शामिल रहीं, जो संसद मार्ग पर विरोध प्रदर्शन करने गईं. विरोध प्रदर्शन कर रहे पहलवानों की ओर से जब भी बात रखने की बारी आई तो साक्षी मलिक सबसे आगे रहीं. उन्होंने इस बारे में दर्जनों ट्वीट किए. वह सोशल मीडिया पर लाइव भी आईं, ताकि अपनी बात रख सकें.

ऐसे में साक्षी मलिक का सोशल मीडिया से दूरी बनाने का फैसला लोगों को समझ नहीं आ रहा है. साक्षी मलिक ने रविवार रात तकरीबन साढे़ दस बजे ट्वीट किया, ‘मैं भी थोड़े दिन के लिये सोशल मीडिया से ब्रेक ले रही हूं.. आप सबका धन्यवाद.’

साक्षी ने इस ट्वीट से दो घंटे पहले भी एक पोस्ट किया था. इसका लब्बोलुआब यह था कि पुलिस ने जांच करके चार्जशीट दायर कर दी है. इसलिए अब यह लड़ाई मैदान की जगह कोर्ट में लड़ी जाएगी. बता दें कि ट्विटर पर साक्षी मलिक के 6 लाख 15 हजार से ज्यादा फॉलोअर हैं.

साक्षी मलिक का नाम 2016 में तब घर-घर जा पहुंचा था, जब उन्होंने रियो ओलंपिक में मेडल जीता था. वह कॉमनवल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल भी जीत चुकी हैं.

Tags: Brij Bhushan Sharan Singh, Sakshi Malik, Wrestling, Wrestling Federation of India

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More