‘आप भारत के हीरो हैं…’ प्रधानमंत्री मोदी से बोले मिस्र में रह रहे भारतीय समुदाय के लोग

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

काहिरा. मिस्र में भारतीय समुदाय के सदस्यों ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भरपूर प्रशंसा की और उन्हें ‘भारत का हीरो’ बताया. वह 26 वर्षों में रणनीतिक रूप से स्थित पश्चिम एशियाई देश की द्विपक्षीय यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं.

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के निमंत्रण पर अमेरिका की राजकीय यात्रा के समापन के बाद शनिवार को काहिरा पहुंचे मोदी का रिट्ज कार्लटन होटल में जोरदार स्वागत किया गया, जहां उन्होंने अलग-अलग समूहों में प्रवासी भारतीयों के साथ बातचीत की. इस दौरान अधिकांश सदस्यों ने अमेरिकी कांग्रेस (संसद) में पीएम मोदी के ऐतिहासिक संबोधन और उनके नेतृत्व में देश की आर्थिक प्रगति की सराहना की.

पीएम मोदी गुरुवार को अमेरिकी कांग्रेस के संयुक्त सत्र को दो बार संबोधित करने वाले पहले भारतीय नेता बन गये. अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को उन्होंने 2016 में पहली बार संबोधित किया था. इसे लेकर भारतीय समुदाय के एक सदस्य ने मोदी से कहा, ‘आप भारत के हीरो हैं’. इसके जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि विदेश में रह रहे लोगों समेत प्रत्येक भारतीय ने देश की सफलता में योगदान दिया है.

पीएम मोदी बोले- सारा हिन्दुस्तान सबका हीरा है
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘सारा हिंदुस्तान सबका हीरो है. देश के लोग मेहनत करते हैं, देश की तरक्की होती है.’ उन्होंने कहा, ‘यह आपकी मेहनत का नतीजा है. आपकी तपस्या काम कर रही है.’ पीएम मोदी ने बोहरा समुदाय के सदस्यों से भी मुलाकात की, जिनका उनके गृह राज्य गुजरात से गहरा नाता है.

इससे पहले, जब प्रधानमंत्री यहां होटल पहुंचे, तो भारतीय समुदाय के सदस्यों ने भारतीय तिरंगा लहराते हुए ‘मोदी, मोदी’, ‘वंदे मातरम’ के नारों से उनका स्वागत किया. साड़ी पहने मिस्र की एक महिला जेना ने फिल्म ‘शोले’ के लोकप्रिय गीत ‘ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे’ गाकर मोदी का स्वागत किया. फिल्म ‘शोले’ में यह गीत किशोर कुमार और मन्ना डे ने गाया है.

इस गीत की प्रस्तुति से प्रभावित होकर, प्रधानमंत्री ने उस समय आश्चर्य व्यक्त किया, जब जेना ने कहा कि वह बहुत कम हिंदी जानती हैं और कभी भारत नहीं गईं. पीएम मोदी ने कहा, ‘किसी को पता नहीं चलेगा कि आप मिस्र की बेटी हो या हिंदुस्तान की बेटी.’

‘साझा सांस्कृतिक संबंधों का उत्सव’
प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘मिस्र में भारतीय प्रवासियों के गर्मजोशी भरे स्वागत से मैं बहुत प्रभावित हुआ. उनका समर्थन और स्नेह वास्तव में हमारे राष्ट्रों के शाश्वत बंधन का प्रतीक है. यह भी उल्लेखनीय है कि मिस्र के लोग भारतीय पोशाक पहनते थे. सचमुच, यह हमारे साझा सांस्कृतिक संबंधों का उत्सव है.’

पीएम मोदी मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के निमंत्रण पर दोनों देशों की रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाने के प्रयासों के तहत इस देश का दौरा कर रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी के यहां हवाई अड्डा पर पहुंचने पर मिस्र के प्रधानमंत्री मुस्तफा मैडबौली ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया था. मिस्र पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का परंपरागत स्वागत किया गया और उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया था.

Tags: Egypt, PM Modi

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें