
मनाली. हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली कौन नहीं आना चाहता है. देश से लेकर विदेश तक के सैलानी यहां पहुंचते हैं. वादियों में समय बिताते हैं. बॉलीवुड कलाकारों का भी मनाली से नाता रहा है. वे भी यहां आकर सुकून के पल बिताते हैं. उन्हीं में से एक हैं सनी देओल. गदर-2 के हीरो सनी देओल के बेटे करण की हाल ही में शादी हुई है. अब सनी देओल ने मनाली में भी बेटे की रिसेप्शन दी और गांव वालों को हिमाचल धाम खिलाई.
दरअसल, बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल का मनाली से खासा लगाव है. यही कारण है कि वह अपना अधिकतर समय मनाली की हसीन वादियों में बिताते हैं. यहां पर एक कॉटेज लीज पर लिया है और लॉकडाउन के बाद से लगातार यहां रह रहे हैं. शुक्रवार को बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल ने अपने बेटे करण देओल की शादी की रिसेप्शन पार्टी मनाली के दशाल गांव में आयोजित की.
सनी ने मनाली के दशाल में गांव वासियों को भी विशेष तौर पर न्यौता दिया. गांव वासियों और मेहमानों के लिए हिमाचली धाम बनाई गई थी और सभी लोगों ने इसका स्वाद चखा. हिमाचली धाम में जहां विभिन्न व्यंजनों को परोसा गया, लेकिन हिमाचल में सबसे खास डिश थी गुच्छी का मधरा. यह दुनिया की सबसे महंगी सब्जियों में से एक है, जो हिमाचल में पाई जाती है. मनाली के दशाल गांव में अपने निवास स्थान पर इस रिसेप्शन पार्टी में बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल, अपने बेटे करन देओल और परिवार तथा मित्रों संग शामिल हुए थे. इस दौरान बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल ने गांव वासियों संग कुल्लवी डांस भी किया.
कुक ने बताया क्या बनाया था
हिमाचली धाम बनाने पहुंचे रसोइए (बोटी) नरेश कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल के बेटे की विवाह में हिमाचली धाम बनाने का मौका मिला था. इस से पहले भी वह कई बॉलीवुड अभिनेताओं के लिए हिमाचली धाम तैयार कर चुके हैं. अभिनेता सनी देओल के बेटे की विवाह की रिसेप्शन पार्टी में उन्हें हिमाचली धाम बनाने का ऑर्डर मिला था, जिसमें गुच्छी का मधरा मुख्य था. उन्होंने कहा कि बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल और उनके साथ आए लोगों ने हिमाचली धाम को खूब पसंद किया.
.
Tags: Bollywood actors, Himachal pradesh, Kullu Manali News, Sunny deol
FIRST PUBLISHED : June 25, 2023, 08:39 IST





