Bihar: शादी के 10 दिन बाद ही कुख्यात की हत्या, घर में घुसकर मारी गोलियां, दर्ज थे 17 केस

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


सीतामढ़ी. बिहार में एक कुख्यात अपराधी की शादी के महज 10 दिन बाद ही हत्या कर दी गई. घटना सीतामढ़ी जिला की है जहां कुख्यात सर्वेश दास की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. अपराध जगत में अपनी बड़ी पहचान बना चुके सर्वेश दास की हुई हत्याकांड से इलाके में हड़कंप की स्थिति है. बताया जाता है अपराधियों ने इस हत्याकांड को तब अंजाम दिया जब सर्वेश दास खाना खाने के बाद अपने दरवाजे पर आराम फरमा रहा था.

बाइक पर सवार अपराधी आए और सर्वेश पर गोलियों की बौछार कर दी. इस दौरान एक गोली सिर में लगी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि परिजनों ने उसे आनन-फानन में रुनीसैदपुर पीएससी में एडमिट कराया जहां चिकित्सकों ने सर्वेश दास के मौत की पुष्टि कर दी. अपराध जगत में वर्चस्व को लेकर इस हत्याकांड को अंजाम देने की बात कही जा रही है. मौके पर सदर डीएसपी सुबोध कुमार, रुनीसैदपुर थाना पुलिस मौजूद है.

सीतामढ़ी के अपराध जगत में सर्वेश दास की तूती बोलती थी. 6 हत्या समेत कुल 17 मामले उस पर दर्ज थे और वो चार महीने ही जेल से निकला था. इसी साल के 14 जून को उसने शादी रचाई थी. अपराध जगत में शामिल होने से सर्वेश दास नक्सली संगठन में सक्रिय था. उत्तर बिहार में कई नक्सली वारदात में भी शामिल होने का उस पर आरोप था. इतना ही नही उसने खुद का एक आपराधिक संगठन बनाया था, जिसका नाम बिहार पीपुल्स लिबरेशन आर्मी था.

इस संगठन के जरिए वो रंगदारी और लेवी वसूलने का काम करता था. सीतामढ़ी जेल में रहने के दौरान दूसरे कैदियों के साथ मिलकर जेल ब्रेक करने की उसके द्वारा नाकाम कोशिश की गई थी, जिसमें वो असफल रहा था. इस मामले में पुलिस ने उसको भागलपुर जेल स्थानांतरित कर दिया था. इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल कायम है. अंदेशा जताया जा रहा है कि सर्वेश की हत्या आने वाले दिनों में कही दूसरे खूनी वारदात को न अंजाम दे दे. फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने सर्वेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया है.

Tags: Bihar News, Crime In Bihar, Crime News

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें