
राहुल मनोहर/ सीकर. गेमिंग जिहाद ने अब राजस्थान में भी दस्तक दे दी है. सीकर में ऑनलाइन गेमिंग के जरिए धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक ने गेमिंग जिहाद से सीकर की विवाहित महिला को चंगुल में फंसा कर उसका धर्म परिवर्तन करा लिया. इस दौरान पहले युवक ने ऑनलाइन वीडियो गेम खेलते हुए विवाहिता से दोस्ती की और इसके बाद धर्म परिवर्तन को लेकर महिला का ब्रेन वॉश किया.
विवाहित महिला इस गेमिंग जिहाद के चंगुल में आ गई और अपना धर्म परिवर्तन कर हर्षिता से हानिया बन गई. हर्षिता के हानिया बनने के बाद आरोपी युवक तैयब खान उसे नमाज व दुआ पढ़ने की ऑनलाइन ट्रेनिंग देने लगा और मैसेज भी भेजने लगा. जब धर्म परिवर्तन की इस घटना का परिजनों को पता लगा तो वह सदमे में चले गए. उन्होंने घटना की जानकारी सीकर एसपी को दी और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
टाइम पास के लिए ऑनलाइन गेम खेलती थी
जानकारी के अनुसार, गेमिंग जिहाद के चंगुल में फंस कर धर्म परिवर्तन कर हर्षिता से हानिया बनी विवाहित महिला के पति विदेश में रहते हैं. घर का सारा काम करने के बाद वह टाइम पास करने के लिए ऑनलाइन गेम खेलती थी. धीरे-धीरे वह ऑनलाइन गेम में फ्री फायर गेम खेलने लगी. इस दौरान विवाहिता महिला फ्री फायर गेम के एक ग्रुप से जुड़ गई. वहां उसकी जान पहचान उसी ग्रुप के एक सदस्य तैयब खान से हुई.
अलीगढ़ का है आरोपी
गेमिंग जिहाद के चंगुल में फंसने वाली विवाहित महिला ने बताया कि तैयब खान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ का रहने वाला है. वह अलीगढ़ में रहकर ही कपड़े की दुकान लगाता है. फ्री फायर गेम खेलते हुए हुई दोस्ती के बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ने लगी. वे रोजाना ग्रुप में ऑनलाइन गेम फ्री फायर खेलते थे. इस दौरान आरोपी तैयब खान ने महिला से मोबाइल नंबर भी ले लिया. वह उससे घंटों बातें करता था.
ससुराल भी छोड़ दिया
महिला ने बताया कि आरोपी तैयब खान से दोस्ती के बाद महिला और उसके ससुराल वालों के बीच झगड़े होने लगे, जिसके बाद वह महिला ससुराल से पीहर आकर रहने लगी. आरोपी ने उसे प्यार का झांसा दिया और कहा कि इस्लाम कबूल करो और नमाज पढ़ो. इसके बाद तैयब उसे धीरे-धीरे इस्लाम के बारे में बताने लगा.
नमाज पढ़ने की ऑनलाइन ट्रेनिंग
जानकारी के अनुसार, महिला को उर्दू व अरबी नहीं आने पर तैयब नमाज व दुआ पढ़ने की ऑनलाइन ट्रेनिंग देने लगा. महिला ने आरोपी की सारी बातें मान लीं. वह कुछ दिनों में आरोपी द्वारा दी गई ऑनलाइन ट्रेनिंग से नमाज व दुआ पढ़ने लगी. उसके कहने पर महिला ने बुर्के जैसे कई गाउन भी मंगवा लिए और अपना नाम हर्षिता से हानिया रख लिया.
सिंदूर-बिंदी लगाना भी छोड़ा
विवाहिता में होते बदलाव को देख कर और बुर्के जैसे गाउन देखकर परिजनों को शक हुआ, जिसके बाद परिजनों ने उस पर नजर रखनी शुरू कर दी. नजर रखने के दौरान परिजनों ने पाया कि महिला ने मांग भरना व माथे पर बिंदी नहीं लगा रही है. वह खुद और अपने बेटे को हिंदू धर्म के सभी मांगलिक कार्यों को दूर करने लगी.
पुलिस कर रही ट्रेस
एसपी सीकर ने बताया कि धर्म परिवर्तन का एक मामला सामने आया है, जिसमें विवाहित महिला के भाई ने परिवाद दर्ज कराया है कि उसकी बहन सोशल मीडिया पर किसी उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के युवक में संपर्क में है, जो उसको धर्म परिवर्तन के लिए बरगला रहा है. पुलिस मोबाइल नंबरों के आधार पर संदिग्ध युवक को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है.
.
Tags: Crime News, Local18, Online game, Rajasthan news, Sikar news
FIRST PUBLISHED : June 24, 2023, 21:07 IST






