‘चमत्कार बिना नमस्कार करोगे नहीं’, लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल ने कारोबारी से मांगी 5 करोड़ की फिरौती, ऑडियो आया सामने

नई दिल्ली. कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई का दिल्ली के एक कारोबारी से फिरौती मांगने का ऑडियो सामने आया है. पहले कनाडा और अब अमेरिका के कैलिफोर्निया में छुपा बैठा अनमोल इस ऑडियो क्लिप में उस व्यापारी से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगते सुना जा सकता है. अनमोल बिश्नोई ने इस कारोबारी को कथित रूप से फिरोती मांगते हुए दो वॉयस नोट्स भेजे हैं. इसमें पहला वॉयस नोट 36 सेकेंड, जबकि दूसरा 18 सेकेंड का है. पहले

अनमोल इस पहले वॉयस नोट में कहता है, ‘फोन उठा ले उसमें ही तेरा फायदा रहेगा, नहीं तो अपना भी नुकसान कराएगा और अपने लड़के का भी नुकसान कराएगा. हमसे मिलकर चलेगा तो फोन कर, बात कर, काम कर, कोई दिक्कत नहीं है… नहीं करेगा तो तेरी मर्जी, कोई शक तो वीडियो कॉल कर ले, नुकसान तेरा है हमारा नहीं है, चमत्कार सब दिख जाएगा. अनमोल बिश्नोई हूं कोई शक हो तो वीडियो कॉल कर ले.

‘चमत्कार बिना नमस्कार करोगे नहीं’
वहीं इसके बाद 12 सेकेंड के दूसरे वॉयस में अनमोल ने कहा, ‘चमत्कार बिना नमस्कार करोगे नहीं, ठीक है मर्जी है तेरी, समझोगे नहीं तो कोई नहीं जल्दी समझ जाएगा.’

इस बीच न्यूज़18 इंडिया को केंद्रीय एजेंसियों से जुड़े सूत्रों से खबर मिली है कि विदेशी धरती पर पकड़े जाने के डर से अब अनमोल बिश्नोई ने भी वही पैंतरा अपनाया है, जो कुछ महीने पहले गोल्डी बराड़ ने अपनाया था. अब अनमोल ने भी कैलिफोर्निया की अदालत में राजनीतिक शरण की गुहार लगाई है, ताकि वो भारतीय एजेंसियां के चुंगल से बच सके.

अनमोल बिश्नोई हाल ही में कैलिफोर्निया में पंजाबी सिंगर करन औजला ने साथ खुलेआम पार्टी करता नजर भी आया था. उस वीडियो के सामने आने के बाद करण औजला फिर से बमबीहा गैंग के निशाने पर आ गया था.

सचिन बिश्नोई ने मांगी अजरबैजान में शरण
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अजरबैजान में मौजूद सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड का एक मास्टरमाइंड सचिन बिश्नोई थापन ने भी अजरबैजान में यह दलील देते हुए राजनीतिक शरण की अपील लगाई है कि वह मुस्लिम धर्म अपनाना चाहता है. उसने कहा, ‘भारत में यह संभव नहीं था, इसलिए मैं भागकर अजरबैजान आ गया.’

इस बीच अनमोल बिश्नोई की धमकी के मामले में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने नाबालिग सहित मुख्य आरोपियों को दबोचा भी था, जो अनमोल से बात कर रहे थे और उसके कहने पर उन्होंने इस बिजनेसमैन के ठिकाने पर ताबड़तोड़ फायरिंग भी की थी.

उसी मामले में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने हाल ही में लॉरेंस की कस्टडी भी ली थी, जिसमें खुलासा हुआ था कि करीब 3 महीने पहले लॉरेंस अनमोल की फोन पर बात हुई थी. सूत्रों के मुताबिक, लॉरेंस क्राइम कंपनी हवाला के जरिये अनमोल को हर साल करोड़ों रुपये कैलिफोर्निया पहुंचा रही है, जिस पैसे से नए शूटर्स हायर किए जा रहे हैं और पाकिस्तान, अमेरिका तथा अन्य देशों से अत्याधुनिक हथियारों की खेप मंगाई जा रही है.

Tags: Delhi police, Lawrence Bishnoi

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More