
करौली. राजस्थान (Rajasthan) के मासलपुर पुलिस थाने के एक लांगरी के लिए उनकी बेटी की शादी का अवसर तब खास बन गया, जब पूरा थाना ही उनका परिवार बन गया. कमजोर आर्थिक स्थिति वाले लांगरी की बेटी की शादी में जब पुलिसकर्मी भात भरने पहुंचे तो लांगरी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. पुलिस कर्मियों की इस सहृदयता पर एसपी ममता गुप्ता ने भी पीठ थपथपाई है. मासलपुर थाना अधिकारी परसोत्तम सिंह ने बताया कि थाने में कार्यरत लांगरी नाहर सिंह की बेटी मंजू की 22 जून को शादी थी.
लांगरी की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण सभी पुलिसकर्मियों ने सहयोग कर शादी में भात भरने का फैसला किया. पुलिसकर्मियों ने आपसी सहयोग से करीब 1 लाख 28 हजार 7 सौ रुपये से बर्तन, जेवरात, कपड़े, बिस्तर, टीवी, फ्रिज सहित दैनिक उपयोग का सामान मायरे में दिया है.
पिता की खुशी का ठिकाना नहीं रहा
थाना अधिकारी ने बताया कि लांगरी नाहर सिंह बहुत कम मानदेय पर काम करता हैं. इस वजह से उसकी आर्थिक स्थिति कमजोर है. नाहर सिंह की पत्नी का काफी समय पहले बीमारी के चलते निधन हो गया था. नाहर सिंह के एक बेटी और चार बेट हैं. चारों बेटे भी अभी बेरोजगार है. ऐसे में जब नाहर सिंह को अपनी पुत्री की शादी के लिए परेशान होते देखा तो सभी पुलिसकर्मियों ने सहयोग करने का फैसला किया.
सभी पुलिसकर्मी हंसी खुशी सामान लेकर जब मायरा भरने पहुंचे तो नाहर सिंह की आंखें भर आई और परिवार जनों ने पुलिसकर्मियों का स्वागत किया. इस दौरान पुलिसकर्मियों ने भी एक-एक कर परिवार जनों को मायरे का सामान भेंट किया तो सभी पुलिसकर्मियों की इस पहल की सराहना करने से अपने आप को नहीं रोक सके.
.
Tags: Karauli news, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : June 24, 2023, 12:09 IST






