
हाइलाइट्स
पुलिस वाले ने मंत्रोच्चार के साथ फेरे करवाए और सात वचनों के साथ वर-वधु को कानून की जानकारी भी दी
शादी से ठीक पहले बाराती और घराती पक्ष के बीच मारपीट होने से पंडित मौके से फरार हो गया था
रिपोर्ट: मनीष वर्मा
अंबेडकरनगर. उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में एक अनोखी शादी देखने को मिली. यहां एक पोलिसवाले ने पंडित की भूमिका निभाई. पुलिस वाले ने मंत्रोच्चार के साथ फेरे करवाए और सात वचनों के साथ वर-वधु को कानून की जानकारी भी दी. दरअसल, शादी से ठीक पहले घराती और बाराती पक्ष में मारपीट शुरू हो गई. जिसके बाद बाराती और पंडित मौके से भाग गए. मारपीट की सूचना पर पुलिस भी पहुंची. लेकिन पंडित के भी भाग जाने की वजह से शादी कौन करवाता. ऐसे में एक पुलिस वाले ने पंडित की भूमिका निभाते हुए दूल्हा-दुल्हन की शादी करवाई. इस अनोखी शादी का वीडियो भी अब वायरल हो रहा है.
मामला अम्बेडकरनगर जिले के अकबरपुर तहसील क्षेत्र के करतोरा गांव का है, जहां एक पुलिसकर्मी की पंडिताई में शादी हुई है. दरअसल, अकबरपुर के सदरपुर गांव से दूल्हे की बारात जब पहुंची तो नशे में धुत दोनों पक्षों में हुई कहासुनी के दौरान जमकर मारपीट हो गई. जिसके बाद पंडित सहित सभी बाराती भाग खड़े हुए. इस बीच दुल्हन पक्ष ने डायल 112 पर मदद की गुहार लगाई. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने वर, वधू दोनों पक्षों से वार्ता कर विवाह करने के लिए तो राजी कर लिया, लेकिन जब मंत्र पढ़ने की बारी आई तो वहां कोई पंडित नहीं मिला. अब फेरे हों तो कैसे? वर-वधु पक्ष के सामने संकट खड़ा हो गया, तभी एक पुलिस वाला संकटमोचक के रूप में आ गया. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने खुद पंडित की भूमिका अदा करने को तैयार हो गया और मंत्रों को पढ़कर विवाह संपन्न कराया.
वर्दी में ही पुलिसकर्मी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पहले फेरे करवाए. फिर सात वचनों के साथ कानूनी जानकारी भी दी. शादी संपन्न ने होने के बाद पुलिसकर्मी का पंडिताई वाला वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लोग इसकी सराहना भी कर रहे हैं, क्योंकि शादी टूटने से बच गई.
.
Tags: Ambedkar Nagar News, UP latest news
FIRST PUBLISHED : June 24, 2023, 07:44 IST






