
रिपोर्टः आशीष कुमार जैन
दमोह. दमोह जिले में एक स्कूल के गेट के सामने रातों-रात अचानक दीवार खड़ी कर दी गई. सुबह जब बच्चे स्कूल पहुंचे तो, उन्हें बिना पढ़ाई किए ही वापस लौटना पड़ा. इस दीवार के बनाए जाने से स्कूल प्रबंधन नाराज है. वो प्रशासन से इसकी शिकायत करेगा.
दमोह शहर के वैशाली नगर के नजदीक ईसाई मिशनरी का सेंट जॉन्स हायर सेकेंडरी स्कूल है. यहां अचानक दीवार खड़ी होने से बच्चों के स्कूल के अंदर जाने के रास्ता बंद हो गया है. यह स्कूल सालों से इसी जगह है. यहां मुख्य मार्ग से एक रास्ता स्कूल को जाता है, स्कूल का गेट भी यहीं बना है. लोग इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं और बच्चे यहीं से स्कूल के अंदर जाते रहे हैं, लेकिन गुरुवार शुक्रवार की दरमियानी रात अचानक पुलिस विभाग ने मजदूरों को बुलाया और मेन गेट के सामने बड़ी दीवार खड़ी कर दी.
स्कूल के मेन गेट पर बनी दीवार
रात में हुई इस कार्रवाई की जानकारी स्कूल प्रबंधन को मिली तो, प्रिंसिपल और स्टाफ मौके पर पहुंचा लेकिन पुलिस नहीं मानी. आज सुबह स्कूल में बच्चों का आना शुरू हुआ, तो देखा कि दीवार खड़ी हो गई है. सेट जॉन्स स्कूल में शहर और आसपास के इलाकों के तकरीबन दो हजार से ज्यादा बच्चे पढ़ते हैं. स्कूल के सामने बच्चों और उनके माता-पिता की भीड़ जमा हो गई.
बच्चों को वापस लौटना पड़ा घर
स्कूल प्रिंसिपल के मुताबिक स्कूल के पीछे वाले हिस्से में बने दूसरे गेट के पास निर्माण कार्य चल रहा है. यही कारण है वहां से बच्चों को स्कूल के अंदर ले जाना जोखिम भरा है. पुलिस ने गेट के सामने की दीवार बना दी है इस कारण बच्चों को वापस घर भेजना पड़ा. प्रिंसिपल का कहना है जिस रास्ते को बन्द किया गया है, वहां से बच्चे आते-जाते हैं उनके स्कूल का यही मेन गेट है. रास्ता स्कूल के नक्शे में भी है लेकिन पुलिस मानने को तैयार नहीं है.
रास्ता है या पुलिस विभाग की जमीन
पुलिस का दावा है ये जमीन पुलिस विभाग की है. इस पर स्कूल प्रबंधन ने रास्ता बना लिया था. वर्तमान में यहां पर सरकारी पुलिस क्वाटर्स बन रहे हैं. यही कारण है कि उन्होंने अपनी जमीन पर दीवार का निर्माण कार्य किया है. पुलिस अधिकारी ने कहा स्कूल प्रबंधन बच्चों को दूसरे गेट से ले जाए. स्कूल की प्रिंसिपल ने पुलिस अधीक्षक और कलेक्टर के सामने मामला रखने की बात कही है.
.
Tags: Damoh News, Mp news
FIRST PUBLISHED : June 23, 2023, 19:28 IST






