
हाइलाइट्स
विपक्षी नेताओं के खान-पान के लिए नीतीश-तेजस्वी ने किए इंतजाम.
अतिथियों को परोसे जाएंगे सिलाव का खाजा और मखाने की खीर.
लिट्टी-चोखा के साथ जर्दालु आम और मनेर के लड्डू का भी आनंद.
पटना. भाजपा विरोधी विभिन्न विपक्षी राजनीतिक पार्टियों के बड़े नेताओं का बिहार की राजधानी पटना में महाजुटान हो चुका है. इनमें राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, ममता बनर्जी, अरविंद केजरीवाल, अखिलेश यादव, महबूबा मुफ्ती, एमके स्टालिन, हेमंत सोरेन, लालू प्रसाद यादव, शरद पवार, उद्धव ठाकरे, उमर अब्दुल्ला सरीखे नेता जुट चुके हैं. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने इन मेहमानों के स्वागत के लिए भी खास इंतजाम कराए हैं. विपक्षी के इन महारथियों के ठहरने और खान-पान में कोई कमी ना रह जाए इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है. न्यूज 18 के पास खाने का मेन्यू है जो विपक्षी नेताओं की मीटिंग के बाद लंच में परोसे जाएंगे.
बता दें कि विपक्षी नेताओं के ठहरने के लिए पटना के मौर्य होटल और चाणक्य होटल में कमरे बुक कराए गए हैं. इसके साथ ही बड़े एवं प्रमुख नेताओं को पटना के राजकीय अतिथिशाला में ठहराया गया है. इन नेताओं के स्वागत सत्कार के लिए बिहार सरकार के नेता व अलग-अलग विभागों के अधिकारी व कर्मी लगातार जुटे हुए हैं. तमाम आवश्यक सुविधाओं के देखरेख की जिम्मेदारी एक मंत्री को दी गई है.
मिली जानकारी के अनुसार, विपक्षी नेताओं के खाने पीने के लिए मौसम के हिसाब से व्यंजन तय किए गए हैं. इन्हें बिहार के खास व्यंजनों का स्वाद चखाया जाएगा. सामान्य दाल, रोटी, चावल, सब्जी, चटनी, रायता के अलावा लीची, जर्दालु और दुधिया मालदह आम, मखाना खीर, विभिन्न तरह के साग आदि मेन्यु में रखे गए हैं.
कई तरह के बिहारी व्यंजनों को परोसा जाएगा. मुख्यमंत्री के गृह जिला नालंदा के सिलाव का खाजा मंगाया गया है. बिहार के प्रसिद्ध लिट्टी-चोखा, धनरूआ की लाई और मनेर के लड्डू भी परोसा जाएंगे. खास तौर पर यहां के पारंपरिक भोजन को बनवाया गया है. गर्मी की वजह से शरबत के साथ छाछ की भी व्यवस्था की गई है. नारियल पानी और अलग-अलग पेय पदार्थ दिए जाएंगे. स्टार्टर में साउथ इंडियन और पंजाब के कुछ आइटम को रखा गया है.
.
Tags: Bihar News, Bihar politics, CM Nitish Kumar, Opposition Parties, Opposition unity
FIRST PUBLISHED : June 23, 2023, 12:12 IST






