Buxar: पूर्व सैनिकों की मुहिम लाई रंग, शहीदों के सम्मान में शिलापट पर लिखा जा रहा है उनका नाम

गुलशन सिंह/बक्सर. देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों का नाम अब बक्सर शहर के कवलदह पोखर स्थित शहीद स्मारक में देखने को मिलेगा. दरअसल, इसके लिए बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ पिछले कई सालों से यह मांग करते आ रहा था कि देश की रक्षा में सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि देने के लिए उनकी तैल चित्र व नाम शिलापट्ट पर दर्शाया जाए.

वहीं शहीद स्मारक पहुंचे पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने बताया कि विभिन्न लड़ाइयों में देश के लिए शहीद हुए जवानों का नाम का शिलापट्ट शहीद स्मारक में लगाने की जो मांगे हो रही थी वह अब पूरी हो रही है. उन्होंने बताया कि इसमें डीएम अंशुल अग्रवाल, एसडीएम धीरेंद्र मिश्रा तथा सदर विधायक मुना तिवारी ने विशेष सहयोग किया है.

16 शहीदों के नाम का लगाया जा रहा है शिलापट्ट
पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने बताया कि शहीदों के नाम का शिलापट्ट बन कर तैयार हो चुका है. बहुत जल्द इसका लोकार्पण किया जाएगा. उन्होंने बताया कि फिलहाल, जिले के विभिन्न प्रखंडों से 16 शहीदों का नाम जिला सोल्जर बोर्ड के माध्यम से प्राप्त कर शिलापट्ट पर अंकित किया जा चुका है. उन्होंने बताया कि यह अभी शुरुआत भर है. आगे अन्य शहीदों का भी नाम ढूंढ कर शहीद स्मारक में लगाया जाएगा. इस कार्य के लिए पूर्व सैनिक संघ प्रयासरत है.

युवा पीढ़ी को मिलेगी राष्ट्रसेवा की प्रेरणा
संघ के जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने बताया कि इसका उद्देश्य यही है कि हमारी युवा पीढ़ी को जिले के उन शहीदों के नाम याद रहे, जिन्होंने अपनी जान देकर मातृभूमि की रक्षा की है. इस स्मारक पर 1947-48 के भारत-पाक युद्ध, 1962 के भारत-चीन युद्ध, 1965 और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में शहीद हुए बक्सर के सभी जवानों के नाम लिखे जा रहे हैं. इसके अलावा कारगिल, ऑपरेशन ब्लू स्टार, ऑपरेशन रक्षक आदि के दौरान शहीद हुए सभी जवानों के नाम भी शिलापट्ट पर लिखे जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि इससे युवा पीढ़ी को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा भी मिलेगी.

Tags: Buxar news, Ex servicemen, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More