
नई दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने गर्मी से बेहाल उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों के लिए अच्छी खबर दी है. मौसम विभाग ने गुरुवार को कहा कि इन जगहों पर आज से लू (हीटवेव) चलना समाप्त हो जाएगी. इसका मतलब है कि इऩ राज्यों में लोगों को गर्मी से राहत मिलने वाली है. दिल्ली- NCR में लोगों को पूरे सप्ताह गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि पूर्वोत्तर राज्यों और पश्चिम बंगाल में अगले दो दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. मैदानी इलाकों में 25 जून से बारिश का अलर्ट है. इनमें से उत्तराखंड में 22 से 26 जून, हिमाचल प्रदेश में 24 से 26 जून, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 25 और 26 जून को कुछ इलाकों में बारिश होने जा रही है.
दिल्ली में 25 जून तक होती रहेगी बारिश
दिल्ली- एनसीआर की बात करें तो आईएमडी के मुताबिक 22 से 25 जून तक आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश और बूंदाबांदी रहेगी. वहीं अगले दो दिन 26 और 27 जून को भी बारिश या बौछार पड़ेंगी. इससे लोगों को पूरे सप्ताह गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. उन दिनों में अधिकतम तापमान 27 जून तक 36 से 39 डिग्री के बीच में रिकॉर्ड किया जा सकेगा. आज बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किये जाने की संभावना है. उत्तर प्रदेश में 23 से 25 जून तक हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.
आगे बढ़ा दक्षिण-पश्चिम मानसून
मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम मानसून पर अपडेट देते हुए कहा कि आज तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में और आगे के लिए बढ़ गया है. अगले दो से तीन दिनों के दौरान यूपी, उत्तराखंड, मप्र, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड के बचे हुए हिस्सों में मानसून के आगे बढ़ने की संभावना अनुकूल बनी हुई है. बिहार में 22 और 23 जून, पश्चिम बंगाल में 22 और 25, ओडिशा में 22 से 26 जून, झारखंड में 22 को तेज बारिश होने का अनुमान है.
.
Tags: Bihar weather, Delhi Weather Update, IMD forecast, UP Weather, Weather updates
FIRST PUBLISHED : June 22, 2023, 19:10 IST






