Uttarakhand premier league 2023 upl in dehradun know how to watch at home live – News18 हिंदी

राहुल सिंह

देहरादून. उत्तराखंड में आज (गुरुवार) से उत्तराखंड प्रीमियर लीग (Uttarakhand Premier League 2023) की शुरुआत होने जा रही है. यह लीग 22 जून से 30 जून तक होगी. UPL में 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं. इनके नाम देहरादून दबंग, टिहरी टाइटंस, हरिद्वार हीरोज़, नैनीताल निंजा, ऊधम सिंंह नगर टाइगर और पिथौरागढ़ चैंप्स हैं. सभी T20 मुकाबले राजधानी देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे.पहले दिन दो T20 क्रिकेट मैच होंगे. इन मैचों के प्रसारण को लेकर क्रिकेट फैंस असमंजस में हैं. अगर आप भी ऐसा सोच रहे हैं, तो हम आपके इस संशय को दूर कर देते हैं.

उत्तराखंड प्रीमियर लीग के सभी मैचों को लाइव देखने के लिए आप इस लिंक https://www.fancode.com/cricket/tour/uttarakhand-premier-league-2023-16219061 को कॉपी कर इसे किसी भी ब्राउजर पर पेस्ट कर दीजिए. नई खुली विंडो में आपको मैचों के शुरू होने की टाइमिंग और किस दिन किन टीमों के बीच मुकाबले खेले जाएंगे समेत सभी डिटेल मिल जाएगी. अगर आप देहरादून जा सकते हैं, तो राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम जाकर मैच देख सकते हैं. UPL मैच देखने के लिए दर्शकों को टिकट नहीं लेना होगा.

देहरादून दबंग और ऊधम सिंह नगर टाइगर के मुकाबले से आगाज

UPL का आगाज देहरादून दबंग और ऊधम सिंह नगर टाइगर के बीच मुकाबले से होगा. यह मैच आज दोपहर 3.30 बजे शुरू होगा. वहीं आज दूसरा मुकाबला शाम 7.30 बजे नैनीताल निंजा और टिहरी टाइटन्स के बीच होगा.26 जून को तीन मैच खेले जाएंगे. पहला और दूसरा सेमीफाइनल 29 जून को क्रमशः 3.30 बजे और 7.30 बजे होगा. फाइनल मैच 30 जून को शाम 7:30 बजे होगा.

UPL की हर टीम में 18 खिलाड़ी

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (CAU) के सचिव महिम वर्मा ने कहा कि CAU को मान्यता मिलने के बाद यह प्रदेश में पहली प्रोफेशनल लीग है. UPL बीसीसीआई से मान्यता प्राप्त है. इस लीग में 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं. हर टीम में 18 खिलाड़ियों को शामिल किया गया है.

अगले साल नए कलेवर में दिखेगा UPL

उन्होंने बताया कि अगले साल से उत्तराखंड प्रीमियर लीग को IPL की तर्ज पर आयोजित किया जाएगा. इसमें टीमों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी. आईपीएल की तरह खिलाड़ियों की नीलामी भी होगी. महिला वर्ग में आयोजित होने वाला ‘हंसा धनै टूर्नामेंट’ भी UPL की तरह ही आयोजित किया जाएगा. उत्तराखंड में क्रिकेट को बढ़ावा देने और क्रिकेट के क्षेत्र में नए आयाम छूने के लिए CAU हरसंभव प्रयास कर रही है.

Tags: Cricket news, Dehradun news, IPL, Local18, UK News, Uttarakhand news

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More