
बीकानेर. राजस्थान में फिर एक बेटी के साथ हुई ज्यादती ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. बीकानेर के खाजूवाला इलाके में कोचिंग जा रही छात्रा के साथ गैंगरेप किया गया. फिर बेरहमी से उसे मौत के घाट उतार दिया गया. इस मामले में अब पीड़िता के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं. बुधवार को पोस्टमार्टम होने के बाद परिजनों ने गुरुवार को भी छात्रा का शव लेने से इनकार कर दिया और थाने के सामने डटे हैं. धरने के बाद पीड़िता के परिजनों को 25 लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया गया था. वहीं छात्रा के परिजन और धरना दे रहे लोगों की मांग एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की थी.
पीड़िता के परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम नहीं कराने की मांग पर अड़े थे. फिर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने जैसे-तैसे समझाकर पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी कर लिया, लेकिन परिजन अब भी शव लेने के लिए तैयार नहीं हैं. उनका कहना है कि पहले आरोपी कांस्टेबल मनोज, भागीरथ और युवक विनोद विश्नोई को गिरफ्तार किया जाए.
पुलिस का दिया आश्वासन
धरना दे रहे लोगों को पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले को लेकर गंभीरता बरती जा रही है. मौके पर पहुंचे आईजी ने पीड़िता के परिजनों को समझाने की कोशिश की. पुलिस ने भरोसा दिलाया कि आरोपी पुलिसकर्मी मनोज और भागीरथ पुलिस की निगरानी में रहेंगे. साथ ही पूर मामले की जांच एसआईटी से कराई जाएगी. हालांकि पीड़िता के परिजनों की मांग है कि दोषी पुलिसकर्मियों और एक अन्य नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया जाए. इसके साथ ही खाजूवाला थाने के पूरे स्टाफ को लाइन हाजिर किया जाए. पीड़िता के परिवार को एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की गई है.
विपक्ष के निशाने पर सरकार
खाजूवाला मामले में बीजेपी नेताओं ने सरकार पर निशाना साधा है. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने राजस्थान को शर्मसार कर दिया है. नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि मामले में पुलिसकर्मियों की संलिप्तता सामने आना कांग्रेस के माथे पर बड़ा कलंक है. उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया ने भी सरकार को घेरा है. पूनिया ने कहा कि सीएम अशोक गहलोत की प्राथमिकता सिर्फ अपनी कुर्सी सुरक्षित रखना है. सांसद किरोड़ीमल मीणा ने कहा कि रक्षक ही भक्षक बने हैं. दलितों पर आखिर इतने अत्याचार क्यों? बीजेपी नेताओं का आरोप है कि राजस्थान में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पूरी तरह से बिगड़ गई है.
मंत्री बोले- सख्त कार्रवाई की जाएगी
वहीं राजस्थान के कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास का कहना है कि दोषी है कोई भी बचेगा नहीं. घृणित अपराध वालों को सख्त से सख्त सजा दी जाएगी. सरकार अपनी तरफ से कोई कमी नहीं कर रही है. हमारा लॉ एंड ऑर्डर अन्य प्रदेशों से अच्छा है. कोई पुलिसकर्मी भी जुड़ा होगा तो भी अपराधी तो अपराधी है, कानून सख्त कार्रवाई करेगा.
.
Tags: Bikaner news, Crime News, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : June 22, 2023, 14:02 IST






