
हाइलाइट्स
कमिंस ने एजबेस्टन में नाबाद 44 रन बना ऑस्ट्रेलिया को दिलाई थी जीत
चौथी पारी में सफल चेज के दौरान अश्विन के रिकॉर्ड को बेहतर किया
Ashes 2023: पैट कमिंस (Pat Cummins) की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने रोमांचक मुकाबले में इंग्लैंड (England vs Australia) को दो विकेट से हराकर एशेज सीरीज-2023 में 1-0 की बढ़त ले ली है. कमिंस ब्रिग्रेड ने हार के मुहाने पर पहुंचकर जिस अंदाज में जीत हासिल की, उसकी कसक इंग्लैंड के प्लेयर्स के दिलदिमाग में अरसे तक रहेगी. चौथी पारी में ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 281 रन का टारगेट था और एक समय टीम 227 रन पर 8 विकेट गंवा चुकी थी.
जीत के लिए 54 रन की और जरूरत थी और लग रहा था कि कोई चमत्कार ही ऑस्ट्रेलिया की हार बचा पाएगा. इस घड़ी में कप्तान पैट कमिंस ने 10वें नंबर के बैटर नाथन लायन के साथ गजब की बैटिंग की. इन दोनों प्लेयर्स के बल्ले से निकलते हर रन के साथ इंग्लैंड के बॉलर्स और फील्डर्स के चेहरे पर निराशा बढ़ती जा रही थी.
मुश्किल वक्त में नौवें विकेट के लिए पैट कमिंस ने लायन के साथ अविजित 55 रन की साझेदारी करते हुए इंग्लैड को जीत तक पहुंचाया. इस दौरान कमिंस 44 ( 73 गेंद, चार चौके और दो छक्के ) ओर लायन 16 रन (28 गेंद, दो चौके) बनाकर नाबाद रहे.
नाबाद 44 रनों की इस पारी के दौरान कमिंस ने खास रिकॉर्ड अपने नाम किया. उनका यह स्कोर किसी टेस्ट की चौथी पारी में सफल चेज में नंबर 9 इससे नीचे के बैटर का सर्वोच्च स्कोर है. उन्होंने भारत के रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) के रिकॉर्ड को बेहतर किया जिन्होंने दिसंबर 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ मीरपुर में नाबाद 42 रन की पारी खेली थी. अश्चिन (नाबाद, 42 गेंद, चार चौके व एक छक्का)ने नौवें नंबर पर ही बैटिंग करते हुए यह पारी खेली थी और श्रेयस अय्यर (नाबाद 29) के साथ 71 रन की साझेदारी करके भारत को तीन विकेट की जीत दिलाई थी.
वेस्टइंडीज के विंस्टन बेंजामिन इस मामले में तीसरे स्थान पर हैं जिन्होंने अप्रैल 19 88 में पाकिस्तान के खिलाफ चौथी पारी में 10वें नंबर पर उतरते हुए नाबाद 40 रन बनाए थे और जेफ डुजोन के साथ टीम को दो विकेट की जीत दिलाई थी.इंग्लैंड के सिडनी बर्नेस ने चौथी पारी में 9वें नंबर पर बैटिंग के लिए उतरते हुए नाबाद 38 रन की पारी खेली थी और टीम की ऑस्ट्रेलिया पर एक विकेट की जीत के हीरो रहे थे.पाकिस्तान के रशीद लतीफ भी इस सूची में शामिल हैं.
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सितंबर-अक्टूबर 1994 में चौथी पारी में 9वें नंबर के बैटर के तौर पर उतरते हुए 56 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 35 रन बनाए थे. बाद में इंजमाम ने मुश्ताक अहमद के साथ मिलकर पाकिस्तान को इस मैच में एक विकेट की जीत दिलाई थी.
.
Tags: Ashes, Australia Cricket Team, England vs Australia, Pat cummins, Ravichandran ashwin
FIRST PUBLISHED : June 22, 2023, 13:41 IST






