PM मोदी ने जो बाइडन संग उठाया म्यूजिक का लुत्फ, जानिए प्रधानमंत्री को गिफ्ट में क्या-क्या मिलेगा

वॉशिंगटन. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका की पहली राजकीय यात्रा के दूसरे चरण में बुधवार को वॉशिंगटन पहुंचे. इस दौरान वह अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और अमेरिकी कांग्रेस (संसद) के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे. विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के अलावा पीएम मोदी को यहां बाइडन की ओर से कई खास गिफ्ट भी मिलने वाले हैं. ऑफिशियल गिफ्ट के रूप में, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन पीएम मोदी को 20वीं सदी की शुरुआत की एक हस्तनिर्मित, प्राचीन अमेरिकी पुस्तक गैली भेंट करेंगे.

इसके अलावा, राष्ट्रपति जो बाइडन पीएम मोदी को एक विंटेज अमेरिकी कैमरा भी गिफ्ट में देंगे, जिसके साथ जॉर्ज ईस्टमैन के पहले कोडक कैमरे के पेटेंट का एक अभिलेखीय प्रतिकृति प्रिंट और अमेरिकी वाइल्डलाइफ फोटोग्राफी की एक हार्डकवर किताब भी होगी. व्हाइट हाउस ने बताया कि जिल बाइडन की तरफ से पीएम मोदी को ‘कलेक्टेड पोयम्स ऑफ रॉबर्ट फ्रॉस्ट’ की हस्ताक्षरित, फर्स्ट एडिशन की कॉपी गिफ्ट में दी जाएगी.

इन सबके अलावा बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन, प्रथम महिला जिल बाइडन और पीएम मोदी ने संगीतमय माहौल का आनंद लिया, जिसे भारतीय क्षेत्रों के सम्मान के लिए आयोजित किया गया था. इस म्यूजिक को डीएमवी-आधारित इंडियन डांस स्टूडियो ‘स्टूडियो धूम’ के युवा डांसरों द्वारा प्रस्तुत किया गया, जो नई पीढ़ी को भारतीय नृत्य की जीवंत संस्कृति से जोड़ने में मदद करते हैं.

पीएम मोदी न्यूयॉर्क से यहां पहुंचे, जहां उन्होंने नौवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में दिन की शुरुआत में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में एक ऐतिहासिक कार्यक्रम का नेतृत्व किया, जिसमें संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों, राजनयिकों और प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया. पीएम मोदी ने ट्वीट किया, ‘वॉशिंगटन डीसी पहुंच गया हूं. भारतीय समुदाय की गर्मजोशी और इंद्र देवता के आशीर्वाद ने आगमन को और भी खास बना दिया.ट

बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन के निमंत्रण पर अमेरिका दौरा कर रहे प्रधानमंत्री बृहस्पतिवार को राजकीय भोज में शामिल होंगे जहां कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे. पीएम मोदी वॉशिंगटन, डीसी में ज्वॉइंट बेस एंड्रयूज पहुंचे, जहां लगातार बारिश के बीच उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया. रेनकोट पहने प्रधानमंत्री दोनों देशों के राष्ट्रगान के लिए खड़े हुए.

Tags: Joe Biden, Narendra modi

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More