
अभिनव कुमार/दरभंगा. अल्पसंख्यक वर्ग के सीटेट एवं एसटेट पास छात्र-छात्राओं के लिए एक सुनहरा अवसर है. अब उनको मुफ्त में तैयारी करवाई जाएगी. इसको लेकर तैयारी कर ली गई है. सीएम कॉलेज दरभंगा के द्वारा मुफ्त में बीपीएससी शिक्षक परीक्षा की तैयारी करवाई जाएगी.
दरअसल, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग बिहार सरकार (नोडल एजेंसी-मौलाना मजहरूल हक अरबी-फारसी विश्वविद्यालय, पटना) के सौजन्य से व्यवस्था की गई है. छात्र यहां पर आकर अनुभवी शिक्षकों से मुफ्त में पढ़ाई कर सफलता हासिल कर सकते हैं.
मिथिलांचल में सीएम कॉलेज बना केंद्र
बीपीएससी पटना द्वारा बिहार राज्य के स्कूलों में राज्य स्तरीय जांच परीक्षा के आधार पर शिक्षकों की बहाली की जाने वाली है. जिसके लिए आयोजित होने वाली परीक्षा आगामी अगस्त 2023 माह में संभावित है. वैसे उम्मीदवार जिन्होंने परीक्षा के लिए आवेदन किया है, उनके लिए ही विशेष निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था की गई है. मिथिलांचल में एकमात्र सीएम कॉलेज को ही केंद्र बनाया गया है.
1 जुलाई से क्लास शुरू, कुल 75 सीटें
सीएम कॉलेज के प्रधानाचार्य और सह निःशुल्क अल्पसंख्यक कोचिंग के निदेशक प्रो.मुश्ताक अहमद ने बताया कि कोचिंग में शामिल होने के लिए 30 जून 2023 को चयन जांच परीक्षा ली जाएगी. जांच परीक्षा में सफल होने वाले 60 अल्पसंख्यक वर्ग के एवं 15 गैर अल्पसंख्यक छात्र- छात्राओं को निःशुल्क कोचिंग की सुविधा दी जाएगी. यह विशेष निःशुल्क कोचिंग 1 जुलाई 2023 से प्रारंभ होगी. इसमें शामिल होने वाले अल्पसंख्यक वर्ग के इच्छुक छात्र-छात्राओं के साथ ही बहुसंख्यक वर्ग के छात्र-छात्राएं भी 22 से 29 जून 2023 तक कॉलेज की समयावधि में निःशुल्क आवेदन पत्र पूर्णतया भरकर महाविद्यालय में जमा करेंगे.
.
Tags: Bihar News in hindi, Bihar Teacher, Darbhanga news, Local18
FIRST PUBLISHED : June 21, 2023, 20:59 IST






