
दुर्गेश सिंह राजपूत/नर्मदापुरम. अगर सूर्य के मकर रेखा से कर्क रेखा तक के सफर को एक रेल यात्रा के रूप में कल्पना करें तो 2106 (21 जून) अप वंदे सूर्य उत्तरायण एक्सप्रेस का अंतिम पड़ाव आज यानी 21 जून को है. आज आपके शहर के लिये साल का सबसे लंबा दिन है, यानी सूर्य उत्तरायण एक्सप्रेस सबसे ज्यादा देर रुकेगी. इसके बाद वापसी यात्रा डाउन 2212 (22 दिसंबर) दक्षिणायन एक्सप्रेस के रूप में मकर रेखा पर 22 दिसंबर को पहुंचेगी. इस खगोलीय घटना की जानकारी देते हुए नेशनल अवार्ड प्राप्त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि खगोल विज्ञान में इसे समर सोलस्टिस कहते हैं.
सारिका घारू ने बताया कि पृथ्वी के अपने अक्ष पर झुके रहते हुए ही सूर्य की परिक्रमा करते रहने से उसका नार्थ पोल वाला भाग छह माह तक सूर्य के सामने आता जाता है. वहीं, बाकी छह महीने तक साउथ पोल वाला भागक्रमश: सामने आता है. इस कारण सूर्य, मकर रेखा से कर्क रेखा के बीच अप-डाउन ट्रेन की तरह यात्रा करता दिखता है. 21 जून को यह कर्क रेखा पर अपने अंतिम स्टेशन पर लंबवत रहेगा. यह घटना टाइम जोन के अनुसार 20 से 22 जून के बीच होती है, लेकिन 22 जून को यह कम ही होती है. पिछली बार यह वर्ष 1975 में 22 जून को हुई थी. अब सन 2203 में यह 22 जून को होगी.
उन्होंने बताया कि काल्पनिक कर्क रेखा पृथ्वी के 16 देशों, भारत के आठ राज्यों से हो कर गुजरती है. इसमें मध्य प्रदेश के 14 जिले शामिल हैं. इन स्थानों पर बुधवार को मध्यान्ह में सूर्य ठीक सिर के उपर रहेगा जिससे छाया किसी वस्तु के आधार के ठीक नीचे बनेगी. इससे कर्क रेखा के उन स्थानों पर जीरो शैडो डे होगा. भारत में भू-मध्य रेखा से कर्क रेखा के बीच स्थित बाकी नगरों में इसके पहले ही यह घटना हो चुकी रहती है.
सारिका ने बताया कि बुधवार 21 जून को उत्तरी गोलार्ध के नगरों में दिन सबसे लंबा और रात सबसे छोटी होगी. सूर्य आज पृथ्वी से लगभग 15 करोड़ 20 लाख किलोमीटर दूर रहेगा. गुरुवार 22 जून से सूर्य दक्षिणायन हो जाएगा.
भारत के इन 8 राज्यों में स्थित कर्क रेखा पर पहुंचेगा सूर्य
गुजरात, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा, मिजोरम
मध्य प्रदेश के इन 14 जिलों में से होकर निकलने वाली कर्क रेखा पर पहुंचेगा सूर्य
रतलाम, उज्जैन, आगर, राजगढ़, सीहोर, भोपाल, विदिशा, रायसेन, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी उमरिया, शहडोल
.
Tags: Hoshangabad News, Local18, Mp news, Sun
FIRST PUBLISHED : June 21, 2023, 08:07 IST






