ड्रोन टेक्नोलॉजी से कृषि क्षेत्र में होगा बदलाव, AVPL ने NSDC और एनएसडीसी इंटरनेशनल से मिलाया हाथ

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली. एआईटीएमसी वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड (AVPL) ने कृषि क्षेत्र में ड्रोन टेक्नोलॉजी को बढ़ावा देने के लिए एनएसडीसी (NSDC) और एनएसडीसी इंटरनेशनल (NSDC International) के साथ हाथ मिलाया है. एनएसडीसी इंटरनेशनल के साथ इस समझौता ज्ञापन के माध्यम से एवीपीएल एग्रीकल्चर ड्रोन ट्रेनिंग प्रोग्राम पूरा करने वाले उम्मीदवारों को विदेश में प्लेसमेन्ट के अवसर उपलब्ध कराएगी. एवीपीएल को देश भर में कृषि के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण ड्रोन शिक्षा प्रदान करने के लिए जाना जाता है. कंपनी ने अगले 3 सालों में पेड मॉडल के आधार पर 65,000 एग्री ड्रोन उद्यमी और 80,000 कम्युनिटी सेवा प्रदाता (CHC) तैयार करने का लक्ष्य तय किया है.

यह साझेदारी ऐसे ड्रोन उद्यमी तैयार करेगी जो स्प्रे, पौधे लगाने, पशुपालन प्रबंधन के साथ-साथ कृषि उद्यमी/किसान ड्रोन ऑपरेटर के रूप में काम करने में सक्षम होंगे. यह पहल कृषि क्षेत्र की समस्याओं को हल करने के लिए आधुनिक समाधान उपलब्ध कराएगी.

इस साझेदारी पर बात करते हुए एनएसडीसी से संजीव सिंह ने कहा, ‘‘हम देश के कृषि उद्योग के विकास में योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं. एवीपीएल के साथ हमारी साझेदारी ड्रोन टेक्नोलॉजी के माध्यम से कृषि क्षेत्र में बदलाव लाने की दिशा में उल्लेखनीय कदम है. हमें विश्वास है कि यह साझेदारी उन उम्मीदवारों को नए अवसर उपलब्ध कराएगी, जो आधुनिक क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं.’’

एवीपीएल के संस्थापक दीप सिसाई ने कहा, ‘‘उम्मीदवारों के पेशेवर विकास के लिए जरूरी कौशल प्रदान करने हेतु हमें एनएसडीसी के साथ साझेदारी करते हुए बेहद खुशी का अनुभव हो रहा है. कुशल कृषि ड्रोन ऑपरेटर्स की बढ़ती मांग को देखते हुए हमें खुशी है कि हम उम्मीदवारों को नई तकनीकों में प्रशिक्षित करने जा रहे हैं. यह पहल उद्योग जगत में स्थायी एवं पर्यावरण के अनुकूल दृष्टिकोण को बढ़ावा देगी.’’

ड्रोन सीओई- एग्री-स्टूडेन्ट ट्रेनिंग
वे उम्मीदवार जो इस प्रशिक्षण प्रोग्राम में हिस्सा लेना चाहते हैं, उनके पास वैद्य पासपोर्ट होना चाहिए. कंपनी ने 100 ड्रोन सेंटर ऑफ एक्सीलेन्स/ आरपीटीओ (डीजीसीए द्वारा अनुमोदित) खोलने की योजना बनाई है, जो कृषि में ड्रोन टेक्नोलॉजी के अनुसंधान, विकास, प्रशिक्षण एवं जांच के लिए हब की भूमिका निभाएगा. इन सेंटरों के माध्यम से कंपनी 1,80,000 उम्मीदवारों को कृषि में शुल्क आधारित प्रशिक्षण प्रदान करेगी और हर सेंटर से सालाना 2 करोड़ के राजस्व की उम्मीद है. प्रशिक्षित उम्मीदवारों का एग्रोप्रेन्योर और ड्रोन प्रेन्योर बनने का मौका मिलेगा, जो कृषि कारोबार के मंच फार्मर्स सिटी मार्ट का संचालन करेंगे.

फार्मर्स सिटी मार्ट
कंपनी ने 80,000 फार्मर्स सिटी मार्ट खोलने की योजना बनाई है जो किसानों के लिए वन-स्टॉप शॉप की भूमिका निभाएंगे. ये मार्ट कई तरह के प्रोडक्ट और सेवाएं उपलब्ध कराएंगे, जिसमें उच्च गुणवत्ता के इनपुट, फाइनैंशियल सेवाएं और विशेषज्ञों का मार्गदर्शन शामिल होगा. फार्मर्स सिटी मार्ट चुनने वाले उम्मीदवारों को 3 सालों के लिए मेंटर किया जाएगा जो दुनिया की अग्रणी कीटनाशक कंपनी यूपीएल के बिनेस मॉडल से लाभान्वित होंगे.

ड्रोन की बिक्री
एवीपीएल ने तकरीबन 65,000 ड्रोन बेचने की योजना बनाई है. फार्मर्स सिटी मार्ट, ड्रोन-ऐज़-अ-सर्विस समाधान उपलब्ध कराएंगे. इन ड्रोन्स के माध्यम से किसान अपनी फसलों पर निगरानी रख सकेंगे, उत्पादकता बढ़ाकर अधिक मुनाफ़ा कमा सकेंगे.

सेंटर ऑफ एक्सीलेन्स की ओपनिंग की तैयारी
एवीपीएल ने ड्रोन्स सेंटर ऑफ एक्सीलेन्स की स्थापना के लिए युनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी, जयपुर के साथ साझेदारी की है. खासतौर पर ड्रोन टेकनिशियनों एवं किसान ड्रोन ऑपरेटरों पर ध्यान केन्द्रित करते हुए छात्रों को अनमैन्ड एरियल व्हीकल्स के क्षेत्र में ज़रूरी ज्ञान एवं कौशल प्रदान करना इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य है. एआईटीएमसी ट्रस्ट ने कई इंडस्ट्री पार्टनर्स में से एवीपीएल ड्रोन्स को यह अवसर दिया है क्योंकि एवीपीएल ड्रोन्स के पास ड्रोन के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ ज्ञान एवं विशेषज्ञता है. इस साझेदारी के लिए एवीपीएल ने डीजीसीए कम्प्लायन्स आरपीटीओ, एसपीएच एविएशन (अब एवीपीएल ड्रोन्स की सब्सिडरी) को अपना साथ जोड़ा है.

Tags: Agriculture, Drone

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें