
नई दिल्ली. पाकिस्तान के शादाब खान (Shadab Khan) को शॉर्टर फॉर्मेट का बेहतरीन खिलाड़ी माना जाता है लेकिन उन्हें टेस्ट क्रिकेट खेलने के अब तक बहुत कम अवसर मिले हैं. 24 साल के शादाब ने वनडे और टी20I में बल्ले और गेंद,दोनों से अपने खेल कौशल को साबित किया है लेकिन टेस्ट टीम के रेगुलर मेंबर वे अब तक नहीं बन सके हैं. करीब छह साल के इंटरनेशनल करियर में शादाब अब तक56 वनडे और 92 टी20I खेल चुके हैं लेकिन व्हाइट जर्सी (टेस्ट) खेलने का मौका उन्हें सिर्फ छह बार मिला है. यही नहीं, अपना आखिरी टेस्ट उन्होंने अगस्त 2020 में इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेला था.
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और विकेटकीपर सरफराज अहमद भले ही शादाब को तीन फॉर्मेट का खिलाड़ी बता चुके हों लेकिन श्रीलंका दौरे में टेस्ट सीरीज के लिए घोषित पाकिस्तान टीम में इन ऑलराउंडर को जगह नहीं मिली है. टीम को वहां दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेलनी है.
शादाब के रेड बॉल क्रिकेट में भविष्य के बारे में सवाल पर चीफ सिलेक्टर हारुन रशीद (Haroon Rasheed) ने कहा कि खालिस व्हाइट बॉल क्रिकेट के प्लेयर्स को टेस्ट फॉर्मेट में शामिल करने पर विचार किया जा रहा है. हालांकि उन्होंने कहा कि सीमित ओवर्स के क्रिकेट से लंबे फॉर्मेट के क्रिकेट में जाना चुनौतीभरा होता है. हालांकि उन्होंने शादाब को टेस्ट टीम में शामिल किए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया.
शॉर्टर फॉर्मेट से एकदम टेस्ट क्रिकेट में शिफ्ट करना चुनौतीपूर्ण
Cricket Pakistan को दिए इंटरव्यू में हारुन ने कहा, ‘हमारी चिंता इस बात को लेकर रहती है कि जिन क्रिकेटर्स ने लंबे समय से रेड बॉल क्रिकेट नहीं खेला है वे इस फॉर्मेट में संघर्ष कर सकते हैं. हालांकि उन्हें दरकिनार नहीं कर किया जा सकता क्योंकि हमारा मानना है कि व्हाइट बॉल क्रिकेट के हमारे कुछ प्लेयर्स, टेस्ट क्रिकेट भी खेल सकते हैं. ऐसा नहीं है कि वे टेस्ट नहीं खेल सकते हैं लेकिन हमारी चिंता यह है कि उन्होंने काफी समय से लंबा फॉर्मेट नहीं खेला है. अचानक उन्हें व्हाइट बॉल से रेड बॉल क्रिकेट में ले जाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है.’ टेस्ट क्रिकेट में लंबे स्पैल फेंकने के लिए व्हाइट बॉल क्रिकेट की तुलना में अलग शारीरिक और मानसिक ‘तैयारी’ की जरूरत होती है, ऐसे में शादाब को टेस्ट में मौका देने से पहले सिलेक्टर, फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उनके प्रदर्शन को परखना चाहते हैं.
शॉर्ट फॉर्मेट के बेहतरीन ऑलराउंडर में हैं शुमार
शादाब ने 56 वनडे में अब तक 28.68 के औसत से 631 रन बनाने के अलावा 32.64 के औसत से 73 विकेट हासिल किए हैं. वनडे इंटरनेशनल में 86 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है जबकि 4/28 सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन. 92 टी20I में शादाब ने 18.96 के औसत से 569 रन बनाने के अलावा 22.12 के औसत से 104 विकेट हासिल किए हैं. टी20 में पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा वे तीन बार कर चुके हैं और 8 रन देकर 4 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.
.
Tags: Pakistan cricket team, Pcb, Shadab Khan
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 18:44 IST






