
अभिषेक तिवारी/ दिल्ली. दिल्ली विश्वविद्यालय ने स्नातक कोर्स के लिए दाखिले शुरू कर दिए हैं. इसी के साथ ‘कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम’ भी शुरू हो गया है. डीयू के डीन प्रो. हरनीत गांधी के अनुसार, पोर्टल शुरू होने के बाद से ही अब तक प्रवेश के लिए एक लाख से ज्यादा छात्र पंजीकरण करा चुके हैं. बताया कि अभी पंजीकरण में छात्रों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है.
बता दें कि पंजीकरण में आ रही समस्याओं को दूर करने के लिए डीयू की ओर से वेबिनार का आयोजन किया गया. इसमें डीन ऑफ एडमिशन प्रो. हनीत गांधी और ज्वाइंट डीन एडमिशन डॉ. अमित पुंडीर ने छात्रों को स्पष्ट किया कि यह प्रवेश का पहला चरण है. इसमें आपको निजी जानकारियां भरनी हैं. दूसरे चरण की शुरुआत सीयूईटी के परिणाम जारी होने के बाद की जाएगी. तब एक और वेबिनार का आयोजन होगा. एनसीवेब और एसओएल में प्रवेश संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए भी वेबिनार आयोजित किया जाएगा.
पहले चरण में इन सात स्टेप्स में भरे फॉर्म
1. व्यक्तिगत सेक्शन
एडमिशन के लिए छात्र को सबसे पहले ugadmission.uod.ac.in पर जाना होगा. यहां उन्हें सीएसएएस पोर्टल में पंजीकरण का विकल्प मिलेगा. पंजीकरण के लिए सीयूईटी में मिला एप्लिकेशन नंबर जरूरी होगा. उम्मीदवार का नाम, हस्ताक्षर और फोटो सीयूईटी पोर्टल से स्वत: मिलान कर लिए जाएंगे. इसमें छात्रों को फेरबदल करने की अनुमति नहीं होगी. यहां उम्मीदवार को सक्रिय ईमेल आईडी और मोबाइल नंबर दर्ज करने की अनुमति होगी.
2. शैक्षणिक सेक्शन
उम्मीदवारों को उन सभी विषयों के अंक दर्ज करने होंगे, जिनमें उन्होंने 12वीं कक्षा उत्तीर्ण की है. उम्मीदवार को थ्योरी और प्रैक्टिकल में अलग-अलग पास होना चाहिए. बारहवीं कक्षा की अंकतालिका के अनुसार प्राप्त अंकों और अधिकतम अंकों को थ्योरी और प्रैक्टिकल के लिए अलग-अलग भरें.
3. खेल सेक्शन
खेल के सुपरन्यूमेरी कोटे के आधार पर प्रवेश पाने के इच्छुक उम्मीदवार अधिकतम तीन खेलों के लिए आवेदन कर सकते हैं. उम्मीदवारों को केवल 01 मई 2019 से 30 अप्रैल 2023 के बीच जारी किए गए पिछले चार वर्षों के अधिकतम तीन मेरिट या भागीदारी खेल प्रमाणपत्रों की स्व-सत्यापित प्रतियां अपलोड करनी होंगी.
4. अतिरिक्त गतिविधियां
सुपरन्यूमरेरी कोटा के माध्यम से प्रवेश 14 ईसीए श्रेणियों में किया जाएगा. ईसीए सुपरन्यूमरेरी कोटा के आधार पर प्रवेश पाने के इच्छुक उम्मीदवार अधिकतम तीन ईसीए श्रेणियों के लिए आवेदन कर सकते हैं.
5. अपलोड सेक्शन
छात्रों को कैटेगरी के दस्तावेज सावधानीपूर्वक भरने होंगे. एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, केएम, सीडब्ल्यू सभी प्रमाणपत्र 31 मार्च 2023 के बाद के होने चाहिए. सभी दस्तावेज की जानकारी भरी गई जानकारी से मेल खानी चाहिए.
6. दोबारा देख सकेंगे
अनिवार्य दस्तावेजों को सफलतापूर्वक अपलोड करने के बाद ही सीएसएएस (यूजी)-2023 आवेदन का पूर्वावलोकन कर सकेंगे. जरूरत के मुताबिक सुधार भी कर सकेंगे. लेकिन, एक बार जमा करने के बाद बदलाव की अनुमति नहीं होगी.
7. लास्ट सेक्शन
एक बार सीएसएएस आवेदन फॉर्म भर जाने और दस्तावेज अपलोड हो जाने के बाद, उम्मीदवार को पोर्टल पर आवेदन शुल्क का भुगतान करके फॉर्म जमा करना होगा. एक उम्मीदवार को निर्धारित समय के भीतर आवेदन शुल्क की प्राप्ति हो जाएगी. शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग, डेबिट और क्रेडिट कार्ड के जरिये किया जा सकेगा. जनरल, ओबीसी श्रेणी के छात्रों को 250 रुपये और एससी, एसटी, पीडब्ल्यूडी को 100 रुपये शुल्क जमा करना होगा. बीएफए में प्रवेश ले रहे छात्रों को 400 रुपये अलग से जमा करने होंगे.
.
Tags: Admission, Delhi news, Delhi University, Local18
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 18:40 IST






