
अंजलि सिंह राजपूत/लखनऊ. पिछले एक महीने से तापलहर, भीषण गर्मी और लू के साथ ही चिलचिलाती धूप का सामना कर रहे लखनऊवासियों पर मंगलवार को बदरा राहत लेकर के आए. सुबह से ही ठंडी हवाएं चलने और बादलों की आवाजाही जारी होने की वजह से मौसम सुहावना रहा. वहीं दोपहर करीब 12 बजे के बाद तेज बारिश हुई जिससे अधिकतम तापमान चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई. वहीं न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट हुई. हालांकि दिनभर रुक-रुक कर बारिश होने का सिलसिला लखनऊ में जारी रहा.
इसी बीच लखनऊ मौसम केंद्र से भी एक अच्छी खबर सामने आ रही है. लखनऊ मौसम केंद्र के मुताबिक अगले दो से तीन दिनों के अंदर पूर्वी उत्तर प्रदेश में मॉनसून दस्तक दे देगा, जिसके साथ ही शुरू होगी गरज चमक के साथ तेज बारिश, लखनऊ मौसम केंद्र के मुताबिक पहले उत्तर प्रदेश में मॉनसून 19 जून से लेकर 21 जून के बीच में आने की संभावनाएं बन रही थी लेकिन बिपरजॉय चक्रवाती तूफान की वजह से अगले दो से तीन दिन में अब मॉनसून दस्तक देने का पूर्वानुमान है. लखनऊ में आज अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है.
इस तारीख से गिरेगा तापमान
इसके साथ ही बिपरजॉय चक्रवाती तूफान की वजह से ही मॉनसून से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हल्की बारिश के साथ ही ठंडी हवाएं चल रही हैं. 21 जून से उत्तर प्रदेश के जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट होती हुई नजर आने लगेगी.
तो इस वजह से धीमी हुई मॉनसून की गति
लखनऊ मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश का कहना है कि मॉनसून की गति थोड़ी धीमी होने की वजह से इसे आने में थोड़ी देर हुई है, लेकिन अब जो स्थिति बन रही है वह पूरी तरह से मॉनसून के अनुकूल है. कहा जा सकता है कि अगले दो से तीन दिनों के अंदर मॉनसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर जाएगा, जिससे अच्छी बारिश होगी.
.
Tags: Hindi news, Local18, Monsoon Update, Weather news
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 17:27 IST






