
नुआपाड़ा: ओडिशा के नुआपाड़ा जिले में एक किसान के बगीचे से कुछ आम चोरी हो गए. जिसकी वजह से इलाके में काफी हलचल मची हुई है. स्थानीय प्रशासन भी जांच में जुटा हुआ है. लेकिन आम के चोरी होने के बाद इतनी खलबली क्यों? वजह है आम की कीमत! ये जापान के स्पेशल किस्म के आम हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत तकरीबन ढाई लाख रुपये किलो के करीब है. ओडिशा के लक्ष्मीनारायण नाम के शख्स ने अपने फॉर्म में आम की इस खास किस्म को उगाया है. चोरी होने से एक दिन पहले उन्होंने अपने बगीचे के आम की तस्वीर सोशल मीडिया पर अपलोड की थी.
मालूम हो कि लक्ष्मीनारायण ने अपने बगीचे में 38 किस्म के आम लगा रखे हैं. उनकी कीमत (आम) अंतरराष्ट्रीय बाजार (International Market) में बहुत ज्यादा होने की वजह से उन्होंने इसे सोशल मीडिया पर साझा करने की सोची, तभी उनके साथ ये घटना हो गई. चोरी की घटना के बाद से लक्ष्मीनारायण के साथ-साथ अन्य स्थानीय कृषक डरे हुए हैं. हालांकि, लोकल पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
इस घटना ने कृषि उपज की सुरक्षा और स्थानीय अर्थव्यवस्था पर प्रभाव के बारे में चिंताओं को बढ़ा दिया है. जैसे ही चोरी की घटना की खबर फैली, किसान सहित अधिकारी भी इस चिंता में पड़ गए कि कीमती कृषि की उपजों को इन अवसरवादी चोरों से कैसे सुरक्षा दी जाए.
ऐसी ही एक घटना में, केरल के कंजिरापल्ली में आम चुराने के आरोपी एक पुलिस अधिकारी को अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना करना पड़ा है. मातृभूमि डॉट कॉम की रिपोर्ट के अनुसार, केरल के इडुक्की एआर कैंप के एक सिविल पुलिस अधिकारी और कूटिकल के निवासी पीवी शिहाब को उनकी सेवाओं से बर्खास्त कर दिया गया था.
.
Tags: Odisha crime news, Odisha news, Theft Cases
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 17:22 IST






