
अभिलाष मिश्रा/इंदौर. श्रद्धा, भक्ति और साधना का पर्व गुप्त नवरात्रि चल रहा है. इस नवरात्रि पर मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित प्राचीन अन्नपूर्णा देवी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का क्रम शुरू हो गया है. मंदिर के पट प्रतिदिन सुबह छह बजे से रात 11 बजे तक भक्तों के लिए खुले रहते हैं. प्राचीनतम मंदिर में सुबह की आरती नौ बजे और शाम की आरती सायं 7.15 बजे हो रही है. यहां 11 पंडितों की मौजूदगी में दुर्गा सप्तशती का पाठ भी किया जा रहा है.
अन्नपूर्णा देवी मंदिर में सुबह से लेकर शाम तक भक्तों की भारी भीड़ पहुंच रही है. बता दें कि, गुप्त नवरात्रि भक्तों और साधकों के लिए काफी महत्वपूर्ण होती है. यह नवरात्रि सिद्धियों को प्रदान करने वाली मानी जाती है. इंदौर के प्राचीण अन्नपूर्णा मंदिर का निर्माण 18वीं शताब्दी में करवाया गया था. मान्यता है कि मां अन्नपूर्णा देवी के मंदिर में सच्चे मन से जो भी मुराद मांगो, वो जरूर पूरी होती है. यही कारण है कि इस गुप्त नवरात्रि में बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शनों के लिए अन्नपूर्णा मंदिर पहुंच रहे हैं.
गुप्त नवरात्रि में अन्नपूर्णा मंदिर में प्रतिदिन मां अन्नपूर्णा, मां काली और मां सरस्वती को सुबह 10.30 बजे फलों एवं व्यंजनों का भोग समर्पित किया जाता है. बाद में इस प्रसाद का वितरण शहर के वृद्धाश्रम, अनाथालयों एवं निःशक्तजनों की संस्थाओं में भी किया जाता है.
मंदिर में प्रतिदिन सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे एवं दोपहर तीन से सायं छह बजे तक दुर्गा सप्तशती पाठ से मां की आराधना का क्रम नवमी तक जारी रहेगा. मंदिर के मुख्य पुजारी शालिग्राम शास्त्री ने बताया कि हर नवरात्रि पर पूजा पाठ का क्रम जैसा रहता है. वैसे ही पूजा-पाठ का क्रम गुप्त नवरात्रि में भी रहता है. मंदिर में तमाम प्रकार का पूजन-अर्चन जारी है. यहां दुर्गा सप्तशती, सप्तचंडी पाठ सहित नाना प्रकार के व्रत और अनुष्ठान किए जा रहे हैं.
.
Tags: Indore news, Local18, Mp news, Navratri, Religion 18
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 15:57 IST






