
तारा ठाकुर/पंचकूला: हरियाणा सरकार ने प्रदेश में सह-शिक्षा नीति लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है. इसके तहत प्रदेश में एक बार फिर सरकारी प्राथमिक स्कूलों को मर्ज करने की योजना बनाई जा रही है. लड़के और लड़कियों के प्राइमरी स्कूल को इस नीति के तहत मर्ज किया जाएगा. इसे लेकर शिक्षा विभाग की ओर से जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों से प्राथमिक स्कूलों का रिकॉर्ड मांगा गया है.
शिक्षा विभाग की ओर से फिलहाल सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को लेटर जारी कर स्कूलों का रिकॉर्ड मांगा गया है, जिसमें लड़के और लड़कियों के प्राथमिक स्कूलों की एक-दूसरे के बीच की दूरी, दोनों स्कूलों में लड़के और लड़कियों की संख्या आदि के बारे में जानकारी मांगी गई है. बताया जा रहा है कि जिलों से रिपोर्ट आने के बाद शिक्षा विभाग इस पर कोई फैसला लेगा और यदि सब कुछ ठीक रहा तो योजना को अमलीजामा पहनाया जाएगा.
शिक्षा विभाग के अनुसार, लड़के और लड़कियों के जो प्राथमिक स्कूल एक-दूसरे के नजदीक हैं या प्राथमिक स्कूलों की दूरी एक-दूसरे से 100 मीटर से अधिक और 1 किलोमीटर से कम है, ऐसे स्कूलों का रिकॉर्ड मांगा है. वहीं, इन स्कूलों का नाम, स्कूल का कोड, छात्रों की संख्या और स्कूलों की एक-दूसरे से दूरी का रिकॉर्ड मांग है. रिकार्ड मिलने के बाद योजना तैयार की जाएगी.
.
Tags: Haryana education, Haryana news, Local18, School news
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 15:46 IST






