
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कहा है कि रूस-यूक्रेन के बीच मौजूदा संघर्ष (Russia-Ukraine War) में भारत शांति के पक्ष में खड़ा है. अमेरिका की ऐतिहासिक राजकीय यात्रा के लिए रवाना होने से पहले वॉल स्ट्रीट जर्नल (Wall Street Journal) को दिए एक इंटरव्यू में पीएम मोदी ने कहा कि जब यूक्रेन संघर्ष की बात आती है, तो ‘कुछ लोग कहते हैं कि हम तटस्थ हैं. लेकिन हम तटस्थ नहीं हैं। हम शांति के पक्ष में हैं.’
यूक्रेन के खिलाफ जंग छेड़ने वाले रूस के खिलाफ अधिक कठोर रुख नहीं अपनाने के लिए उनकी सरकार की अमेरिका आलोचना होने की बात को पीएम मोदी ने खारिज कर दिया.
पीएम मोदी ने कहा कि ‘मुझे नहीं लगता कि अमेरिका में इस तरहर की व्यापक धारणा है. मुझे लगता है कि भारत की स्थिति पूरी दुनिया में अच्छी तरह से जानी जाती है और अच्छी तरह से समझी जाती है. दुनिया को पूरा भरोसा है कि भारत की सबसे पहली प्राथमिकता शांति है.’ नई दिल्ली में प्रधानमंत्री निवास पर वॉल स्ट्रीट जर्नल को दिए इंटरव्यू में पीएम मोदी ने कहा कि ‘सभी देशों को अंतरराष्ट्रीय कानून और देशों की संप्रभुता का सम्मान करना चाहिए. विवादों को कूटनीति और बातचीत से सुलझाना चाहिए, युद्ध से नहीं.’ बहरहाल भारत ने रूस के हमले की निंदा करने वाली संयुक्त राष्ट्र की वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया था.
पीएम मोदी ने अपने इंटरव्यू में कहा कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से उनकी कई बार बात हो चुकी है. उन्होंने हाल ही में मई में जापान में G-7 शिखर सम्मेलन के दौरान जेलेंस्की से बात की थी. पीएम मोदी ने कहा कि ‘भारत जो कुछ भी कर सकता है वह करेगा और संघर्ष को खत्म करने और स्थाई शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के सभी असली कोशिशों का समर्थन करता है.’ इंटरव्यू के दौरान पीएम मोदी ने यह भी कहा कि अमेरिका और भारत के नेताओं के बीच ‘एक अभूतपूर्व भरोसा’ है. उन्होंने दोनों देशों के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग को दोनों देशों की साझेदारी का एक ‘महत्वपूर्ण स्तंभ’ बताया. जो व्यापार, प्रौद्योगिकी और ऊर्जा तक फैला हुआ है.
.
Tags: India russia, Pm narendra modi, PM Narendra Modi News, Russia ukraine war
FIRST PUBLISHED : June 20, 2023, 14:23 IST






