Train alert! बेतिया से खुलेगी साउथ इंडिया जाने वाले ‘भारत गौरव ट्रेन’, जानें टाइम टेबल और बुकिंग चार्ज


आशीष कुमार/पश्चिम चम्पारण. ट्रेन के जरिए दक्षिण भारत की सैर करने की ख्वाहिश रखने वाले बिहारवासियों सहित अन्य लोगों की चाहत बहुत जल्द पूरी होने वाली है. दरअसल, भारत गौरव स्पेशल ट्रेन के जरिए अब आप 10 रात और 11 दिनों के पैकेज में दक्षिण भारत के दर्शनीय स्थलों की सैर आसानी से कर सकते हैं. खास बात यह है कि हिंदुस्तान गौरव स्पेशल ट्रेन बेतिया से खुलकर कई स्टेशनों पर रुकते हुए पटना पहुंचेगी और फिर आगे के लिए रवाना होगी.

22 जुलाई को बेतिया से खुलेगी यह ट्रेन

दक्षिण भारत की इस यात्रा में तिरुपति, रामेश्वरम, मीनाक्षी मंदिर, कन्याकुमारी सहित कई तीर्थ स्थलों की सैर करवाई जानी है. इस दौरान खाने से लेकर सारी सुविधाएं IRCTC उपलब्ध कराएगी. IRCTC के संयुक्त महाप्रबंधक राजेश कुमार ने बताया कि बेतिया से यह ट्रेन 22 जुलाई की सुबह 06:30 बजे खुलेगी, जो शाम 5 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी. यहां 10 मिनट रुकने के बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना होगी.  इस ट्रेन में 810 सीट हैं, जिसमें स्लीपर के 600 और 3एसी की 210 सीट हैं.

बिहार में इन स्टेशनों पर रुकेगी यह ट्रेन

दरअसल, आईआरसीटीसी के क्षेत्रीय कार्यालय पटना से पहली बार ‘देखो अपना देश’ के तहत“भारत गौरव” ट्रेन चलाई जा रही है. हिंदुस्तान गौरव ट्रेन योजना के अनुसार भारतीय रेलवे, रेल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग 33% रियायत दे रही है. यह पर्यटक ट्रेन 22 जुलाई को बेतिया से खुलेगी और सुगौली, रामगढ़वा, रक्सौल, सीतामढ़ी, दरभंगा समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किउल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर, जामताड़ा, चितरंजन, आसनसोल, आद्रा एवं हिजली स्टेशन पर तीर्थ यात्रियों को ट्रेन में सवार होने के लिए रुकेगी, जो 1 अगस्त को वापस लौटेगी.

इतने खर्च में कर सकते हैं यात्रा


10 रात और 11 दिन की यात्रा में होटल, खाना आदि सुविधाएं हैं. स्लीपर क्लास से यात्रा करने का 19,620 रुपए प्रति यात्री और थर्ड एसी क्लास से यात्रा करने के 32,075 रुपए प्रति यात्री शुल्क है. श्रेणी के हिसाब से वातानुकूलित और गैर वातानुकूलित होटल में रात्रि आराम का प्रबंध होगा. शाकाहारी भोजन (सुबह, दोपहर और रात का भोजन), सुबह-शाम चाय, साथ ही रोजाना दो बोतल पानी भी दिया जाना है. साथ में घूमने के लिए गैर वातानुकूलित बस, कोच में सुरक्षा गार्ड, सफाई कर्मी और टूर एस्कॉर्ट भी रहेंगे.

Tags: Bihar News, Champaran news, Indian railway, Irctc, Local18

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More