
रिपोर्ट- ईशा बिरोरिया
ऋषिकेश. उत्तराखंड में इन दिनों वाहन चोरी की घटनाएं काफी बढ़ रही हैं. ताजा मामला ऋषिकेश का है, जहां गोवा की रहने वाली एक महिला ने बुलेट बाइक चोरी कर ली. पुलिस ने बाइक मालिक की शिकायत पर जांच शुरु की और कुछ ही घंटे में महिला को बाइक के साथ पकड़ लिया. महिला के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार, बाइक मालिक ब्रह्मानंद भट्ट ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार शाम करीब 6 बजे वह अपने काम से लक्ष्मण झूला रोड आनंदधाम आश्रम के पास गया था. उसने अपनी रॉयल एनफील्ड मोटर साइकिल आनंद धाम आश्रम के सामने सड़क पर खड़ी की थी. वह किसी काम से थोड़ी ही दूरी पर गया था. गलती से चाबी मोटर साइकिल में ही लगी रह गई थी. वह जब वापस आया, तो बाइक चोरी हो गई थी.
मुनि की रेती के प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि ब्रह्मानंद भट्ट की शिकायत पर तत्काल केस दर्ज किया गया और बाइक चोर को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया गया. हिल बायपास मार्ग तपोवन पर चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार महिला को पकड़ा गया. वह बाइक ब्रह्मानंद भट्ट की ही थी. पुलिस पूछताछ में महिला ने अपना नाम कैंडी (49) बताया. वह गोवा की रहने वाली है. प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी महिला के आपराधिक इतिहास का गोवा से पता लगाया जा रहा है. फिलहाल पुलिस अग्रिम कार्यवाही कर रही है.
गौरतलब है कि बीते हफ्ते देहरादून पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया था. पुलिस ने उनके पास से 10 लाख रुपये कीमत के 10 वाहन बरामद किए. देहरादून के एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने बताया कि वाहन चोरों के नाम संदीप कटारिया (31) और नावेद (19) हैं. जांच के दौरान पुलिस ने करीब 35 सीसीटीवी खंगाले. कुछ फुटेज में दोनों वाहन चोर दिखाई दिए. आरोपियों ने वाहन चोरी करने से पहले इलाके की रेकी की थी. फुटेज से उनकी तस्वीरें हासिल कीं और फिर कुछ ही घंटों बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया. उन्हें कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है.
.
Tags: Dehradun news, Rishikesh news, UK News, Uttarakhand news
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 17:29 IST






