
गौहर/दिल्ली. दिल्ली शहर जैसा खाना आपको कहीं और नहीं मिलेगा, यह बात तो आपको माननी पड़ेगी. दिल्ली के खाने में जितना तीखापन है उतना ही दिल्ली का खाना लजीज और कुरकुरा भी होता है. इसी के लिए जामा मस्जिद गेट नंबर 1 के सामने जहां पर हाजी मोहम्मद हुसैन की दुकान पूरी दिल्ली में फेमस है. सोशल मीडिया पर लोग इनकी दुकान के चिकन का मुकाबला KFC जैसे ब्रांड से कर रहे हैं.
दुकान के मालिक हाजी मोहम्मद हुसैन ने बताया कि उन्हें यह काम करते हुए 48 साल हो चुके हैं और उनकी यह दुकान 1975 से यहां पर हैं. उन्होंने बताया कि चिकन में पहले नमक डाला जाता है, उसके बाद घर के कूटे हुए मसालें और फिर कुछ पानी डालकर उसे चिकन के साथ मिलवा दिया जाता है. फिर दो से तीन बार इसे फ्राई किया जाता है. अंत में प्याज और चटनी के साथ इसे परोस दिया जाता है.
1000 से ज्यादा प्लेट की बिक्री
हाजी साहब ने बताया कि उनकी 1 दिन में 1000 से ज्यादा प्लेट की बिक्री हो जाती है. इससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि लोगों को इनकी दुकान का चिकन कितना पसंद है. अगर बड़े से बड़े ब्रांड की भी बात की जाए तो पूरी फूड इंडस्ट्री में कोई ही ऐसा ब्रांड होगा जिसकी 1 दिन में इतनी बिक्री होती होगी. यहां पर फुल चिकन 520 रुपए हाफ चिकन 260 रुपए में मिलता है.
रात को 12 बजे तक खुली रहती है दुकान
चिकन खाने आए डॉक्टर शोएब ने इस चिकन का मुकाबला केएफसी (KFC) से करते हुए कहा कि केएफसी (KFC) के मुकाबले वह इसे 5 में से 4.5 रेटिंग दे सकते हैं. एक व्यक्ति ने तो केएफसी (KFC) से कंपेयर करते हुए कहा कि रेट के मुकाबले और टेस्ट के मुकाबले यह केएफसी (KFC) से बहुत अच्छा है. आप इसे खाने जामा मस्जिद गेट नंबर 1 के सामने वाली गली में आ सकते हैं. यह दुकान हफ्ते के सातों दिन खुली रहती है और आप यहां पर दोपहर 2:00 बजे से लेकर रात 12:00 बजे तक कभी भी आ सकते हैं.
.
Tags: Delhi, Delhi-NCR News, Food 18, Latest hindi news, Local18
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 11:07 IST






