
जुगल कलाल/डूंगरपुर. देशभर में आए पशुओं में लम्पी वायरस के चलते लाखों पशुओं की मौत हुई थी. राजस्थान के डूंगरपुर में भी लम्पी वायरस के प्रकोप की वज़ह कई पशुओं की जान चली गई थी. असमय हुई पशुओं की मौत से क्षेत्र के पशुपालक टूट गए थे और उन पर कर्जा हो गया था. अब वायरस की वजह से गई पशुओं जान के बाद सरकार पशुपालकों को राहत दी है. डूंगरपुर के 608 पशुपालकों को 2 करोड़ 60 लाख रुपए की सहायता राशि जारी की गई है.
प्रदेश में लम्पी रोग से हजारों गोवंश काल का ग्रास बन गए थे, जिसके बाद राज्य सरकार ने लम्पी रोग से मृत गोधन के पशु पालकों को आर्थिक सहायता की घोषणा की थी. सीएम अशोक गहलोत ने जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में डीबीटी के जरिए सभी प्रभावित पशु पालकों के खातों में राशि ट्रांसफर की है. डूंगरपुर शहर के विजयाराजे सिंधिया ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम हुआ. इसमें वर्चुअल तरीके से स्थानीय जनप्रतिनिधि और पशुपालक जुड़े. डॉ. शंकर यादव, पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा, एडीएम हेमेंद्र नागर, जिला परिषद सीईओ दीपेन्द्र सिंह राठौड़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और पशुपालक मौजूद रहे.
सरकार के इस कदम को बताया ऐतिहासिक
डूंगरपुर जिले में लम्पी रोग से प्रभावित 608 पशुपालकों को 2 करोड़ 60 लाख की सहायता राशि जारी की गई है. इस अवसर पर एससी वित्त आयोग चेयरमैन शंकर यादव ने सरकार के इस कदम को एतिहासिक बताया. उन्होंने कहा कि लम्पी वायरस से गोवंश की मौत के बाद पशु पालकों की कमर टूट गई थी, लेकिन सरकार ने सहायता राशि जारी कर पशु पालकों को बड़ी राहत दी है.
.
Tags: Cattle death, Dungarpur news, Local18, Rajasthan news
FIRST PUBLISHED : June 19, 2023, 10:57 IST






