
सच्चिदानंद/पटना. इंजीनियरिंग और मेडिकल की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए 10वीं के मेधावी विद्यार्थियों को बिहार स्कूल एग्जामिनेशन बोर्ड कोचिंग की सुविधा देगा. 15 जुलाई से कक्षा शुरू कर दी जाएंगी. रहने से लेकर खाने तक की व्यवस्था मुफ्त में रहेगी. विद्यार्थियों को ड्रेस भी दिया जाएगा.
बोर्ड के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि बिहार बोर्ड मेधावी विद्यार्थियों को बिना किसी शुल्क के जेईई मेन्स एडवांस्ड और नीट यूजी की तैयारी कराएगा. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया कई दिनों से चल रही है. 20 जून तक आवेदन करने की अन्तिम तारीख है. इस कोचिंग के लिए चयनित विद्यार्थियों की सूची 24 जून को जारी की जाएगी.
होना चाहिए 90 प्रतिशत अंक
बता दें कि इस योजना का लाभ लेने के आवेदन करने हेतु न्यूनतम 90 प्रतिशत अंक प्राप्त होना चाहिए. इस योजना के अंतर्गत अपनी रूचि के अनुसार इंजीनियरिंग या मेडिकल के निःशुल्क कोचिंग में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन समिति की वेबसाइट http://biharboardonline.bihar.gov.in या https://secondary.biharboardonline.com पर उपलब्ध लिंक http://coaching.biharboardonline.com के जरीए कर सकते हैं.
मिलेगी ये सुविधाएं
इस योजना के तहत चयनित विद्यार्थियों को उनकी रुचि के अनुसार योग्य और अनुभवी शिक्षकों द्वारा इंजीनियरिंग तथा मेडिकल प्रतियोगिता परीक्षा (JEE/NEET) की तैयारी के लिए पटना में निःशुल्क कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी. छात्रों के लिए पटना कॉलेजिएट स्कूल और छात्राओं के लिए बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल में हॉस्टल के साथ बेड, कुर्सी-टेबल, बुकशेल्फ, ताला-चाबी के साथ एक अलमारी की व्यवस्था रहेगी. चयनित विद्यार्थियों को सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन, शाम में अल्पाहार और रात्रि भोजन दिया जाएगा. संबंधित विषय का कोर्स मैटेरियल भी निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा.
जुलाई में शुरू होगी क्लास
बिहार बोर्ड की ओर से मैट्रिक 2023 की मेधा सूची में शामिल छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क इंजीनियरिंग और मेडिकल कोचिंग जुलाई के तीसरे सप्ताह में शुरू होने की संभावना है. दोनों कोर्स में 50-50 सीट हैं, यानी पटना कॉलेजिएट स्कूल में छात्रों के लिए इंजीनियरिंग के लिए 50 और मेडिकल के लिए 50 सीट उपलब्ध हैं. वहीं छात्राओं के लिए भी बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल में इतनी ही सीट हैं. इसमें वही विद्यार्थी अप्लाई कर सकते हैं, जिन्हें 10वीं में 90 प्रतिशत या इससे अधिक अंक मिले हैं.
.
Tags: Bihar education, Coaching class, Local18, PATNA NEWS
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 19:03 IST






