BIHAR: रिटायर्ड मेडिकल ऑफिसर अपने गांव में बना रहे हैं हाईटेक हॉस्पिटल, ग्रामीणों को मिलेगी फ्री सुविधा

 गुलशन सिंह/बक्सर. जिला के सिमरी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत दुरासन गांव निवासी डॉ. सिपाही सिंह सेवानिवृत्ति के बाद अपने पैतृक गांव के लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की बीड़ा उठाया है. डॉ. सिपाही सिंह बताते हैं कि इंडियन रेलवे में मेडिकल ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त होकर अपने जन्मभूमि के लिए सेवा कार्य करना चाहते है. दुरासन गांव में ही जन्म लेने के बाद पढ़ाई करने के लिए वे कोलकाता चले गए. वहीं पढ़-लिखकर डॉक्टर बने. हालांकि गांव के लिए कुछ करने का सपना मन में पहले से था. पिता की याद में गांव में एक हाईटेक हॉस्पिटल खोलने जा रहे है.

डॉ. सिपाही सिंह ने बताया कि हॉस्पिटल उनकी निजी जमीन में बनेगी. जहां ग्रामीणों के लिए नि:शुल्क इलाज की व्यवस्था उपलब्ध होगी. उन्होंने बताया कि इस हॉस्पिटल को बनवाने में रिटायरमेंट का सारा पैसा डोनेट कर रहे है. हॉस्पिटल निर्माण के लिए भूमि-पूजन का कार्य सम्पन्न हो चुका है. कागजी काम भी पूरे कर लिए गए है. अब निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा. उन्होंने बताया कि अगले तीन साल में हॉस्पिटल को शुरू होने की उम्मीद है. इसके लिए तैयारियां जोरों पर चल रही है. इस कार्य में उनको ग्रामवासियों का सहयोग भी मिल रहा है. दुरासन गांव के ग्रामीण उमेश कुमार राय ने बताया कि गांव में डॉ. सिपाही सिंह के द्वारा नि.शुल्क अस्पताल खोला जा रहा है. इससे न सिर्फ आम लोगों को स्वास्थ्य लाभ मिलेगा बल्कि गरीबों का इलाज में खर्च होने वाला पैसा भी बचेगा.

रिटायर्ड डॉक्टर के जज्बे को ग्रामीण कर रहे हैं सलाम
ग्रामीण अरविंद कुमार राय ने बताया कि गांव के लिए खुशी की बात है कि यहां हाईटेक हॉस्पिटल बन रहा है. जिसमें हर तरह का इलाज मुफ्त में किया जाएगा. सुदूर इलाके में आधुनिक हॉस्पिटल बनना ग्रामीणों के लिए सौभाग्य की बात है. उन्होंने बताया कि इस नेक काम को करने वाले डॉ. सिपाही सिंह के जज्बे को गांव के लोग सलाम करते हुए खूब प्रशंसा कर रहे है. हॉस्पिटल खुलने से डुमरी, रामपुर, रमधनपुर, चकनी, काजीपुर, सिघनपुरा सहित दर्जनों गांव के हजारों लोगों को इसका लाभ मिलेगा.

.

FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 13:28 IST

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More