
गुलशन सिंह/बक्सर. जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत डुमरी गांव की रहने वाली स्वीटी कुमारी ने नीट परीक्षा में 621 अंक हासिल कर सफलता हासिल की है. स्वीटी डुमरी गांव निवासी शशिकांत चौबे की पुत्री है. स्वीटी के पिता सेवानिवृत्त सैनिक हैं जबकि माता रचना देवी गृहणी है. स्वीटी ने कठिन परिश्रम के बल पर नीट की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर न केवल क्षेत्र का नाम रोशन किया है बल्कि अन्य छात्राओं के लिए मिसाल पेश की है.
स्वीटी अब एमबीबीएस की पढ़ाई कर उच्च कोटि की डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना चाहती है. उसकी प्रारंभिक पढ़ाई तो गांव से ही हुई थी. इसके बाद पिता के साथ प्रयागराज चली गई. वहीं आर्मी पब्लिक स्कूल से मैट्रिक की परीक्षा 95.4 प्रतिशत अंक तथा इंटरमीडिएट की परीक्षा 96.2 प्रतिशत अंक से उतीर्ण करने के बाद नीट की परीक्षा की तैयारी कर एग्जाम दिया. जिसमें उसे कुल 621 अंक प्राप्त हुआ.
गांव से प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण कर स्वीटी ने किया नीट क्वॉलिफाई
स्वीटी की इस सफलता से परिवार सहित पूरे गांव में भी खुशी का महौल है. स्वीटी अपनी सफलता का श्रेय माता पिता तथा गुरुजनों को दे रही है. स्वीटी का मानना है कि मेहनत और लगन से तैयारी करने पर कोई भी परीक्षा पास किया जा सकता है. कहा जाता है विद्यार्थियों की सफलता में प्रारंभिक शिक्षा बहुत मायने रखता है. लोग मानते है कि बुनियादी शिक्षा गांव की हो तो एक बेहतर मुकाम हासिल नहीं किया जा सकता, लेकिन इसको स्वीटी ने गलत साबित करके दिखाया है. वहीं जिला के नावानगर गांव निवासी सरोज सिंह और मां ममता देवी की पुत्री स्वेच्छा सिंह ने भी नीट की परीक्षा में 99.40 परसेंटाइल अंक प्राप्त कर युवतियों के लिए उदाहरण बनी है. स्वेच्छा बचपन से डॉक्टर बनने का सपना पाल रखा था और इस दिशा में लगातार मूहनत करने के बाद आखिरकार सफलता मिल हीं गई.
किसान का बेटा अमन ने किया नीट क्वॉलिफाई
डुमरांव प्रखंड अंतर्गत कोपवा गांव के किसान का बेटा अमन कुमार ने 6459 वां रैंक प्राप्त कर नीट की परीक्षा में सफलता प्राप्त कर गांव का ही नहीं पूरे जिला का मान बढ़ाया है. अमन के पिता मारकंडय सिंह एक मध्यम वर्गीय किसान है और माता रीता देवी गृहणी है. अमन अपने माता-पिता के सबसे छोटे पुत्र हैं. इनके दो बड़े भाई इंजिनीयर है. अमन की प्रारंभिक शिक्षा गांव के निजी स्कूल न्यू ब्रिलेंट पब्लिक स्कूल से हुई है. अमन आगे चलकर शल्य चिकित्सा के क्षेत्र में सेवा कर अपनी पहचान बनाना चाहते हैं. अमन की उपलब्धि पर प्रारंभिक स्कूल के प्रचार्य प्रदीप कुमार सिंह, मुन्ना सिंह, अरुण सिंह पहलवान, पूर्व मुखिया लल्लू सिंह, पैक्स अध्यक्ष सनमून सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने बधाई दी.
.
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 12:00 IST






