Cyclone Biparjoy: भारी बारिश से बाड़मेर और जालोर में हाहाकार मचा, सुरावा बांध टूटा, बाढ़ के हालात

Share Now:

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हाइलाइट्स

बिपरजॉय तूफान राजस्थान अपडेट
पश्चिमी राजस्थान के धोरों में बह रही नदियां
उदयपुर और जोधपुर में जोरदार बारिश ने डराया

रेवाशंकर रावल.

बाड़मेर/जालोर. बिपरजॉय तूफान (Biparjoy Cyclone) ने गुजरात से सटे राजस्थान के बाड़मेर और जालोर (Barmer and Jalore) जिले में कहर बरपा दिया है. दोनों जिलों में बीते दो दिन से लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ के हालात हो गए हैं. बिपरजॉय तूफान के कारण यहां हो रही भारी बारिश से इस रेगिस्तानी इलाके में चारों तरफ पानी ही पानी हो गया है. लगातार बढ़ते पानी के स्तर के कारण कई तरह की परेशानियां सामने आ रही हैं. हालांकि लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है लेकिन बारिश नहीं थमने के कारण हालात बेकाबू होते जा रहे हैं. जोधपुर और उदयपुर में बारिश का दौर चल रहा है. राजधानी जयपुर में सुबह साढ़े दस बजे बारिश शुरू हो गई.

मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर में शनिवार में शनिवार को सुबह आठ बजे से लेकर रविवार को सुबह छह बजे तक कई इलाकों भारी से भारी बारिश दर्ज की गई है. बाड़मेर के चौहटन में इस दौरान 266 और धोरीमन्ना में 256 एमएम पानी गिर चुका है. इन दोनों ही इलाकों में दस-दस इंच ज्यादा बारिश दर्ज की जा चुकी है. उसके अलावा सेड़वा में 188 एमएम, धनाऊ में 183, बालोतरा में 172, सिवाना में 142, गुढ़ामालानी में 136, समदड़ी में 126 और पचपदरा में 106 एमएम बारिश हो चुकी है.

हालात धीरे-धीरे बेकाबू होते जा रहे हैं
लगातार हो रही बारिश के कारण हालात भयावह हो रहे हैं. हालांकि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी रेस्क्यू ऑपरेश में जुटे हैं लेकिन हालात धीरे-धीरे बेकाबू होते जा रहे हैं. जलभराव की आशंका के कारण पहले ही काफी लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया था लेकिन पानी अनुमान से ज्यादा आने के कारण कई गांव और कस्बे जलमग्न हो गए हैं. घरों और सरकारी कार्यालयों में पानी भर जाने से लोगों भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

भीनमाल रानीवाड़ा सांचौर रोड हुआ बंद
कुछ ऐसे ही हालात जालोर जिले के हैं. भारी बारिश के कारण जालोर के रानीवाड़ा उपखंड मुख्यालय से कई गावों का संपर्क टूट चुका है. भीनमाल रानीवाड़ा सांचौर रोड बंद हो गया है. रानीवाड़ा, भीनमाल और चितलवाना में बाढ़ के हालात हो रखे हैं. इलाके के नदी नाले उफान पर होने की वजह से प्रशासन ने एहतियातन वहां बैरिकेट्स लगा दिए हैं. कई जगहों पर बड़े पेड़ों के गिरने से भी आवाजाही बंद हो गई है. सांचौर क्षेत्र के पांचना और पूरावा बांध में लीकेज की सूचना है. उसके बाद वहां प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है. गनीमत है कि वहां से अभी तक किसी प्रकार की जनहानि की कोई सूचना नहीं आई है.

उदयपुर और जोधपुर में भी बिपरजॉय तूफान का असर
इसके अलावा उदयपुर और जोधपुर में भी बिपरजॉय तूफान के कारण कई जगह जोरदार बारिश का दौर चल रहा है. उदयपुर के गोगुंदा में बीते 24 घंटों में सर्वाधिक 119 एमएम बारिश दर्ज की गई है. वहीं कोटड़ा में 99 एमएम, झाड़ोल में 40, ऋषभदेव में 39, सराड़ा में 36, गिर्वा में 33 और कुराबड़ में 31 एमएम बारिश हुई है. जोधपुर में भी रातभर से बारिश जारी है. यहां रविवार को सुबह आठ बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान 91.3 एमएम पानी गिर चुका है. हालात को देखते हुए राहत और बचाव दल अलर्ट मोड पर हैं.

(इनपुट- कपिल श्रीमाली एवं रंजन दवे)

Tags: Barmer news, Cyclone Biparjoy, Jodhpur News, Rajasthan news, Udaipur news, Weather Alert

Source link

Up Head Line
Author: Up Head Line

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और पढ़ें