
कुंदन कुमार/गया. जाको राखे साइयां मार सके ना कोय… यह कहावत बिहार के गया जिले में उस समय सच साबित हुई जब एक बुजुर्ग व्यक्ति के ऊपर से पूरी मालगाड़ी ट्रेन गुजर गई, लेकिन उनके शरीर पर एक खरोंच तक नहीं आई. दरअसल, पहाड़पुर रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी के नीचे से बुजुर्ग व्यक्ति पार कर रहे थे. तभी अचानक मालगाड़ी खुल गई. ऐसे में बुजुर्ग ने हिम्मत व सूझ-बूझ दिखाते हुए ट्रेन के गुजर जाने तक पटरी के बीच में लेटे रहे. इधर, मालगाड़ी के नीचे बुजुर्ग को देख वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए. लोग उनकी सलामती के लिए ईश्वर से प्रार्थना करने लगे.
बताया जा रहा है कि गया-कोडरमा रेलखंड के बीच स्थित पहाड़पुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे की यह घटना है. प्लेटफॉर्म पर डाउन लाइन में एक मालगाड़ी खड़ी थी. इस दौरान 70 वर्षीय बालो यादव उस मालगाड़ी के नीचे से ट्रैक पार कर रहे थे. तभी मालगाड़ी अचानक चल पड़ी और उनकी जान पर बन आई. एक पल के लिए बालो यादव को लगा कि उनकी जान चली जाएगी, लेकिन वो हिम्मत और सूझबूझ दिखाते हुए सिर नीचे कर के पटरी के बीच लेट गए. पूरी मालगाड़ी बुजुर्ग के ऊपर से गुजर गई और वो सुरक्षित निकल आए. उनको एक खरोंच तक नहीं आई. जब मालगाड़ी पूरी तरह से रवाना हो गई तो बुजुर्ग सुरक्षित बाहर निकले.
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
पहाड़पुर स्टेशन पर जब बुजुर्ग के ऊपर से मालगाड़ी गुजर रही थी, तो स्टेशन पर मौजूद किसी यात्री ने इस घटना का वीडियो बना लिया. यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ सुनाई दे रहा है कि लोग उन्हें (बालो यादव) वहीं लेटे रहने और सिर को नीचे रखने की सलाह दे रहे हैं. मालगाड़ी के गुजरने के बाद लोग यह भी कहते सुनाई दे रहे थे कि आपका पुनर्जन्म हुआ है.
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि जरा सी लापरवाही के कारण बुजुर्ग की जान पर बन आई थी. स्टेशन पर खड़े लोगों ने बताया कि मालगाड़ी के खुलने की अनाउंसमेंट की जा रही थी, लेकिन फिर भी बुजुर्ग और अन्य लोग शॉर्ट कट के चक्कर में अपनी जान को जोखिम में डालने से पीछे नहीं हटे. फिलहाल यह वीडियो वायरल हो रहा है और लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है. जिसने भी यह वीडियो को देखा वो हैरान रह गया.
.
Tags: Bihar News in hindi, Gaya news, Goods trains, Local18, Viral video
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 10:09 IST






