
गोविंद कुमार/गोपालगंज. बिहार के गोपालगंज में फिल्मी स्टाइल में पोज देकर बंदूक के साथ सोशल मीडिया पर तस्वीर शेयर करना युवक को महंगा पड़ गया. फोटो वायरल होने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार युवक के पास से लाइसेंसी दोनाली बंदूक भी बरामद कर लिया गया है, जिसके साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था. युवक की पहचान कुचायकोट थाना क्षेत्र के उचकागांव निवासी सौरभ कुमार उर्फ कुंदन सिंह के रूप में हुई है.
प्रशिक्षु (ट्रेनी) डीएसपी सह कुचायकोट की थाना अध्यक्ष साक्षी राय ने बताया कि सोशल मीडिया पर कुछ दिनों से एक युवक की हथियार के साथ तस्वीर वायरल हो रही थी. युवक ने अपने हाथ में दोनाली बंदूक लेकर फिल्मी स्टाइल में पोज देते हुए फोटो खिंचवाई थी. इसे दहशत फैलाने के मकसद से सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था. मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक को उसके घर से गिरफ्तार किया गया और हथियार को भी बरामद कर लिया गया है.
उन्होंने बताया कि हथियार का लाइसेंस जिसके नाम पर है, उनसे पूछताछ की जा रही है. साथ ही, इसका लाइसेंस रद्द करने के लिए पुलिस की ओर से अनुशंसा की जा रही है, ताकि लाइसेंसी हथियार का फिर कोई दुरुपयोग नहीं कर सके.
20 से ज्यादा आर्म्स अभी तक किये गये ज़ब्त
बता दें कि, सोशल मीडिया पर हथियार की तस्वीर को डालना या प्रदर्शन करना कानून अपराध है. ऐसे मामलों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है.
गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक (एसपी) स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस अभी तक 20 से ज्यादा लोगों को हथियार के साथ तस्वीर सोशल मीडिया पर डालने पर गिरफ्तार कर चुकी है. आगे भी यह अभियान जारी रहेगा. इसको लेकर पुलिस का आईटी सेल पूरी तरह से एक्टिव मोड पर है. सोशल मीडिया पर लोगों की हरकतों पर पैनी नजर रखी जा रहा है. मामला सामने आते ही पुलिस त्वरित कार्रवाई करती है.
.
Tags: Bihar crime news, Bihar News in hindi, Gopalganj news, Local18
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 09:34 IST






