
चम्बा. हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले के सलूणी के भांदल में मनोहर हत्याकांड पर अल्पसंख्यक वर्ग मुस्लिम समाज ने इस अमानवीय घटना को लेकर उपायुक्त के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को ज्ञापन सौंपा. उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से यह मांग की है कि घटना को अंजाम देने में शामिल दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले. इससे पहले भी इसी संदर्भ में चम्बा जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग और मुस्लिम समुदाय का प्रतिनिधिमंडल चम्बा दौरे पर आए मंत्री जगत सिंह नेगी से भी मिला था. मनोहर हत्याकांड मामले में एनआईए और सीबीआई जांच करवाने सहित फास्ट ट्रेक कोर्ट के माध्यम से दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा की भी मांग की थी. इसी संदर्भ में होटल इरावती में कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग जिला चम्बा ने प्रेस वार्ता की।
कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष लियाकत खान ने कहा जिस क्रूरता और हैवानियत से यह हत्या की गई थी, उसके लिए चम्बा जिला का अल्पसंख्यक वर्ग मुस्लिम समाज स्तब्ध है और इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता है. उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर जिस तरह से इस मामले में प्रदेश सरकार से इस मामले की जाँच के लिए एनआईए की मांग कर रहे हैं, उसका वह समर्थन करते हैं. वह चाहते हैं कि मनोहर हत्याकांड मामले में एनआईए और सीबीआई की जांच करवाई जाए, ताकि फास्ट कोर्ट के माध्यम से दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले.
उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि रियासत काल से जिला चम्बा के हिंदू-मुस्लिम भाईचारे की एक अलग ही पहचान है. सभी आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द से सदियों से यहां रहते आ रहे हैं. लेकिन जब भी इस तरह की घटना होती है तो मुस्लिम वर्ग के खिलाफ अभद्र टिप्पणी या देशद्रोही, गलत नारेबाजी, धार्मिक ध्रुवीकरण, राजनीतिक ध्रुवीकरण, लोगों को भावनाओं को भड़काना, उपद्रव फैलाया जाता है जो कि न्याय संगत नहीं है. आपसी भाईचारे में जहर घोलने का काम किया जाता है.
उन्होंने कहा कि कुरान उर्दू और अरबी में लिखी गई है और उसे पढ़ने के लिए उर्दू सीखना जरूरी होता है, इसीलिए मदरसों में बच्चों को उर्दू की शिक्षा दी जाती है. उन्होंने पहले भी सरकार से आग्रह किया था कि हर स्कूल में उर्दू का टीचर हो और इसका जो विषय है उसे भी आवश्यक बनाया जाए ताकि लोग ज्यादा से ज्यादा से ज्यादा उर्दू सीख सकें. लेकिन लोग मदरसों को भी गलत तरीके से देखते हैं और अगर वहां पर कोई इस तरह के लोग हैं तो उनकी वह घोर निंदा करते हैं.
फिलहाल चंबा में शांति
घटना के बाद उपद्रव के बाद चंबा जिला प्रशासन ने सलूणी के कुछ इलाकों में धारा-144 लगा दी थी. अब यहां शांति है. हालांकि, शिक्षण संस्थान अब भी बंद हैं. आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है.
.
Tags: CBI investigation, Chamba district, Himachal Police, NIA
FIRST PUBLISHED : June 18, 2023, 08:11 IST






