
हाइलाइट्स
नागौर और भरतपुर में भी बारिश
सीकर और झुंझुनूं बारिश से भीगा
तूफानी हवाओं से कई पेड़ और बिजली के पोल गिरे
रेवाशंकर रावल.
जयपुर. बिपरजॉय तूफान (Biparjoy Cyclone) ने राजस्थान में कहर बरपाना शुरू कर दिया है. पश्चिमी राजस्थान के बाड़मेर और जालोर में मूसलाधार बारिश (Torrential rain) का दौर चल रहा है. नागौर में भी बादल बरसे. बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव हो गया है. इस बीच शेखावाटी के सीकर और झुंझुनूं में भी बारिश का एक दौर हो गया. वहीं पूर्वी राजस्थान में भरतपुर में भी जोरदार बारिश हुई है. राजधानी जयपुर में मौसम सुहावना हो रखा है. यहां भी ठंडी हवाएं चल रही हैं और बारिश के आसार बने हुए हैं.
बिपरजॉय तूफान के असर के कारण राजस्थान में सबसे ज्यादा बारिश गुजरात से सटे बाड़मेर और जालोर जिले में हो रही है. दोनों ही जिलों में चल रही मूसलाधार बारिश ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. बाड़मेर में तेज तूफानी हवाओं के कारण के कई पेड़ और बिजली के पोल तथा ट्रांसफर्मर धराशाई हो गए. इससे कई जगह विद्युत आपूर्ति ठप हो गई है. ज्यादा जलभराव की संभावनाओं वाले इलाकों से प्रशासन ने पहले ही लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है. प्रशासन मौसम की प्रत्येक गतिविधि पर नजर बनाए हुए है.
जालोर में कई जगह पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए
तूफानी हवाओं और भारी बारिश के कारण जालोर जिले में भी कई जगह पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए. हाइवे से गुजरने वाले वाहन चालकों को होटलों और ढाबों पर शरण लेनी पड़ी. इक्का-दुक्का गाड़ियों के अलावा जालोर- सांचोर हाईवे पर यातायात बंद सा हो गया है. जालोर के रानीवाड़ा तेज बारिश के कारण के राजकीय अस्पताल में पानी भर गया. वहीं सड़कें भी लबालब हो रखी है. जालोर के ही रानीवाड़ा से सांचोर के बीच जालेरा रपट पर तेज बहाव के कारण वहां सुरक्षा कारणों से यातायात बंद कर दिया गया है. यहां प्रशासन की ओर से निगरानी की जा रही है.
सीकर और झुंझुनूं में भी बरसे बादल
दोपहर में पश्चिमी राजस्थान के नागौर में जिले में भी कुछ समय तक बारिश का दौर चला. नागौर शहर और आसपास के गांवों मॆं बारिश हुई. शेखावाटी के झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ इलाके में करीब 20 मिनट बरसात हुई. बरसात से वहां कई जगह पर पानी भर गया. झुंझुनूं से सटे सीकर जिला मुख्यालय पर दोपहर झमाझम बारिश हो जाने से लोगों को गर्मी से राहत मिल गई. यहां कई इलाकों में सुबह से ही बूंदाबादी हो रही है.
.
Tags: Barmer news, Cyclone Biparjoy, Jaipur news, Rajasthan news, Weather Alert
FIRST PUBLISHED : June 17, 2023, 17:25 IST






