रोहतक में अभिनव टोली की शानदार पहल! मजबूरों के बच्चों में फैला रहे शिक्षा का उजियारा

धीरेंद्र चौधरी/रोहतक. मजदूरी करने वाले प्रवासी परिवार के बच्चों को अच्छी शिक्षा मुहैया करा पाना किसी सपने से कम नहीं होता. दो वक़्त की रोटी उन्हें अच्छे से नसीब हो जाए इससे ज़्यादा सपनों की उड़ान भी मजदूर नहीं भर पाता. अच्छा रहना, अच्छा खाना, अच्छा पहनना सब उनकी पहुंच से कोसों दूर होता है. ऐसे में अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दे पाना उनके लिए संभव नहीं हो पाता है. अक्सर आपने भी ये देखा भी होगा जहां मजदूरी करने वाले मां-बाप काम कर रहे होते हैं. वहीं उसी जगह पर उनके बच्चे खेलते -खेलते पूरा दिन बिता देते हैं .यही बच्चे न जाने कब इतने बड़े हो जाते हैं कि खेलने की उम्र में ही मां- बाप का हाथ भी बटाने लग जाते हैं और फिर ऐसे परिवारों की जिंदगी पीढ़ी-दर-पीढ़ी मजदूरी करने में ही बीत जाती है.

ऐसे बच्चों के अंधकारमय भविष्य को उज्जवल बनाने का काम रही है रोहतक की एक ऐसी संस्था. जिसने ऐसे परिवारों के लिए उम्मीद की एक नई किरण बन कर उभरी है. हम बात कर रहे हैं एनजीओ “अभिनव टोली” की , जो गरीब बच्चों को शिक्षा दिलाने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर बना कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का काम करती है.

तकनीकी कौशल का दिया जाता है प्रशिक्षण
अभिनव टोली प्रवासी परिवारों के बच्चों को शिक्षा देने के अलावा, सिलाई, कढ़ाई, बुनाई, पेंटिंग और कंप्यूटर का ज्ञान बचपन से ही देने का काम करती है. ताकि मजदूरों के बच्चें मजदूर न बनकर अपने हुनर के दम पर आत्मनिर्भर बन सकें.इस एनजीओ की आर्थिक सहायता के लिए कई सामाजिक संगठन आगे भी आते हैं और इसी सहायता से इन बच्चों को शिक्षा की बुनियादी सुविधाएं कॉपी, किताबें, पेंसिल, स्टेशनरी, सिलाई, कढ़ाई इत्यादि का सामान मिल जाता है.

शिक्षा से वंचित नहीं रहेंगे गरीबों के बच्चे
खेलने की उम्र में ये बच्चे सुई- धागे से अपने सपनों को संजो रहे होते हैं. पेपर पर अपने सपनों की कलाकारी को उतार रहे होते हैं ताकि भविष्य में उच्च शिक्षा पाने के लिए इन्हें किसी का सहारा न लेना पड़े और अपने दम पर ये बच्चे अपने सपनों की उड़ान भर सके. अभिनव टोली बकायदा इन बच्चों का सरकारी स्कूलों में एडमिशन कराती है ताकि जब तक इनका परिवार रोहतक में रहे तब तक बच्चे स्कूल जा सकें. जब परिवार किसी दूसरे स्थान पर जाए तो भी वहां शिक्षा से वंचित न रह पाए. जो हुनर इन्हें सिखाया जाता है उससे ये आत्मनिर्भर बन सकें. रोहतक में इस अभिनव टोली के प्रयास की हर कोई सराहना करता है.

Tags: Haryana news, Local18, Rohtak News

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More