
धर्मबीर शर्मा/गुरुग्राम: साइबर सिटी गुरुग्राम में शुक्रवार रात 9 बजे के करीब एक वाइन शॉप पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई. पंचगाव चौक पर स्थित “डिस्कवरी वाइन” नाम की दुकान पर घटना को अंजाम दिया गया. गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा. देर रात 2 अज्ञात बदमाश वाइन शॉप में घुसे और लगातार फायरिंग करते रहे. इस दौरान गोलियां दुकान पर खड़े 2 युवकों को जा लगीं, जिनमें से एक की मौत हो गई. दूसरे का गंभीर हालत में इलाज किया जा रहा है.
गोलीबारी की ये पूरी वारदात CCTV में कैद हो गई है. CCTV में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह बेखौफ बदमाश अंधाधुंध फायरिंग कर रहे हैं. फायरिंग के बाद बदमाश फरार हो गए. वहीं घटना की पूरी जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद मानेसर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची. CCTV को कब्ज़े में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. फायरिंग करने वालों बदमाशों की शिनाख्त के लिए पुलिस भरसक प्रयास कर रही है. आरोपियों की तलाश में जगह-जगह दबिश दी जा रही है.
घटना के वक्त दुकान में मौजूद थे कई ग्राहक
वाइन शॉप के सेल्समैन प्रवीण कुमार के अनुसार, दो हथियारबंद बदमाश दुकान में घुसे और अचानक गोलियां बरसाने लगे. घटना के वक़्त दुकान में कई ग्राहक थे. गोली एक ग्राहक की गर्दन और दूसरे ग्राहक के बाजू में जा लगी. लोगों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक ने दम तोड़ दिया.
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों ने दी थी धमकी!
दुकानदार का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है, लेकिन गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों ने शराब कारोबारियों को पटौदी-फरुखनगर में शराब के ठेके नहीं लेने की चेतावनी दी थी. गोलीबारी की इस वारदात को लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गों की धमकी से भी जोड़ कर देखा जा रहा है. फिलहाल, एसएचओ सवित कुमार का कहना है कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुट गई है.
.
Tags: Firing, Gurugram crime news, Haryana news, Local18
FIRST PUBLISHED : June 17, 2023, 16:29 IST






