अमोल पालेकर को याद आई ‘पहेली’ की शूटिंग, स्क्रिप्ट सुनते ही अपनी सीट से उठ गए थे शाहरुख, जलाई सिगरेट और…

नई दिल्ली. बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर, डायरेक्टर और राइटर अमोल पालेकर ने हिंदी सिनेमा में अतुलनीय योगदान दिया है. अमोल पालेकर के निर्देशन में बनी फिल्म ‘पहेली’ भारत की तरफ से 79वें ऑस्कर के लिए आधिकारिक एंट्री थी. इस फिल्म को देश में दर्शकों ने तो कुछ खास पसंद नहीं किया था. लेकिन क्रिटिक्स ने इस फिल्म की कहानी से लेकर अभिनय तक सबकुछ की जमकर तारीफ की थी. हाल ही में अमोल पालेकर ने एक इंटरव्यू में अपनी इस फिल्म से जुड़े कुछ दिलचस्प खुलासे किए हैं. 

राजश्री अनप्लग्ड के साथ बातचीत के दौरान अमोल पालेकर ने फिल्म की शूटिंग और कास्टिंग से जुड़े कई किस्से साझा किए हैं. इस दिग्गज डायरेक्टर ने कहा कि वह पहले से ही ‘पहेली’ के प्री-प्रोडक्शन पर काम कर रहे थे और नए कलाकारों को कास्ट करने के बारे में सोच रहे थे. तभी किसी ने उन्हें सुझाव दिया था कि उन्हें इस फिल्म में बड़े सितारों को लेना चाहिए. इस फिल्म का कॉन्सेप्ट काफी अच्छा है और बड़े सितारों को काफी पसंद आएगा.

सीट से उठे शाहरुख और…
इस सुझाव के बाद फिल्म की राइटर संध्या गोखले ने शाहरुख खान को फिल्म की कहानी सुनाई और जैसे ही फिल्म की कहानी खत्म हुई शाहरुख अपनी सीट से उठ खड़े हुए. फिल्म निर्देशक ने बताया कि शाहरुख ने सीट से उठते ही एक सिगरेट जलाई और पूछा कि क्या वह इस फिल्म के प्रोडक्शन में शामिल हो सकते हैं?  शाहरुख खान को पहली बार में ही फिल्म की कहानी इतनी पसंद आई कि उन्होंने फिल्म में लीड रोल तो अदा किया ही, साथ ही वह फिल्म के प्रोडक्शन से भी जुड़ गए. 

शाहरुख खान के हुए मुरीद-
अमोल पालेकर ने माना कि शाहरुख खान के फिल्म से जुड़ने के बाद चीजें काफी आसान हो गई थीं. साथ ही डायरेक्टर ने किंग खान की जमकर तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि शाहरुख खान न सिर्फ बतौर एक अभिनेता बल्कि बतौर एक प्रोड्यूसर भी काफी अच्छे हैं. उनके साथ काम करने का अनुभव बहुत ही अच्छा था.

‘पहेली’ में शाहरुख खान के साथ ही रानी मुखर्जी, अनुपम खेर, जूही चावला, सुनील शेट्टी और अमिताभ बच्चन भी अहम किरदारों में नजर आए थे. ये फिल्म 1973 में आई फिल्म ‘दुविधा’ की रीमेक थी.

Tags: Amol Palekar, Entertainment Special, Rani mukerji, Shah rukh khan

Source link

Jagran Times
Author: Jagran Times

Leave a Comment

Read More